देश

शिवसेना UBT की दावेदारी से नाराज हैं देवड़ा, जल्द छोड़ेंगे कांग्रेस

मुंबई
राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा से पहले कांग्रेस का एक बड़ा युवा चेहरा पार्टी छोड़ सकता है। ऐसी अटकलें हैं कि पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिंद देवड़ा कांग्रेस का दामन छोड़कर एकनाथ शिंदे की अगुआई वाली शिवसेना में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, कुछ दिन पहले ही देवड़ा ने ऐसी अटकलों को खारिज करते हुए कहा था कि वह कांग्रेस छोड़कर कहीं जाने वाले नहीं हैं। उन्हें लेकर पहले भी पिछले कुछ साल से जब-तब इस तरह की अटकलें लगती रही हैं।

लेकिन इस बार उनकी नाराजगी की वजह मुंबई साउथ लोकसभा सीट पर शिव सेना (उद्धव बाल ठाकरे) की दावेदारी है। देवड़ा इस सीट को अपनी पारंपरिक सीट मानते हैं और यहां से खुलकर अपनी दावेदारी की है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा अगले हफ्ते से मणिपुर से शुरू होने जा रही है जो 20 मार्च को मुंबई में ही खत्म होगी। इस दौरान अगर देवड़ा पार्टी छोड़ते हैं तो ये कांग्रेस के साथ-साथ राहुल गांधी के लिए भी बड़ा झटका साबित होगा। देवड़ा को गांधी का करीबी माना जाता है।

मुंबई साउथ सीट पर देवड़ा की दावेदारी
मिलिंद देवड़ा मुंबई साउथ लोकसभा सीट से चुनाव लड़ना चाहते हैं लेकिन इस सीट पर कांग्रेस के सहयोगी उद्धव ठाकरे की अगुआई वाली शिवसेना (यूबीटी) ने भी दावा ठोक दिया है। महाराष्ट्र में कांग्रेस की एनसीपी और शिवसेना (यूबीटी) के साथ गठबंधन है। तीनों विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. में भी शामिल हैं। विपक्षी गठबंधन में अभी सीट बंटवारे पर कोई फैसला नहीं हो पाया है।

 इसे लेकर बातचीत ही चल रही है कि किस राज्य में कौन सी पार्टी कितने सीटों पर लड़ेगी और किन-किन सीटों पर लड़ेगी। लेकिन देवड़ा की परेशानी ये है कि उद्धव ठाकरे ने हाल ही में मुंबई साउथ के गिरगांव में हुई अपनी रैली में सार्वजनिक तौर पर इस सीट पर अपनी पार्टी का दावा ठोक दिया। इस सीट से शिवसेना (यूबीटी) के अरविंद सावंत पिछले दो चुनाव से लगातार जीत रहे हैं। दिल्ली में हाल में हुई कांग्रेस, एनसीपी और शिवसेना (यूबीटी) की मीटिंग में भी इस सीट को लेकर चर्चा हुई थी। माना जा रहा है कि मुंबई साउथ सीट शिवसेना (यूबीटी) के खाते में जा सकती है।

देवड़ा ठोक चुके हैं मुंबई साउथ से अपनी दावेदारी
उद्धव ठाकरे की दावेदारी के बाद मिलिंद देवड़ा ने भी बीते रविवार को मुंबई साउथ लोकसभा सीट पर अपना दावा ठोका था। उन्होंने कहा था कि उनके परिवार ने पिछले 50 वर्षों से इस क्षेत्र की सेवा की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर दो मिनट का एक वीडियो स्टेटमेंट भी जारी किया था। चूंकि सीट शेयरिंग फॉर्म्युले के तहत मुंबई साउथ सीट शिवसेना (यूबीटी) के खाते में जा सकती है, इसलिए देवड़ा के कांग्रेस छोड़ने की अटकलों को बल मिला है। माना जा रहा है कि वह एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हो सकते हैं और मुंबई साउथ सीट से विपक्षी इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार को चुनौती दे सकते हैं।

Back to top button