मध्य प्रदेश

एमपी में यात्रा का दूसरा दिन : यात्रा में प्रियंका के पति रॉबर्ट वाड्रा और बेटा रेहान भी साथ

यात्रा खंडवा के बोरगांव बुजुर्ग से शुरू होकर रुस्तमपुर पहुंची, एमपी में आज 23 किमी चलेंगे राहुल गांधी

मध्यप्रदेश में आज दूसरे दिन राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा खंडवा के बोरगांव बुजुर्ग से शुरू हुई।

भोपाल/खंडवा। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा खंडवा के बोरगांव बुजुर्ग से शुरू हो चुकी है। मध्यप्रदेश में यात्रा का आज दूसरा दिन है। राहुल के साथ मध्यप्रदेश कांग्रेस के तमाम नेता और उनकी बहन प्रियंका गांधी भी अपने परिवार के साथ यात्रा में पैदल चल रही हैं। आज यात्रा का 78वां दिन है। प्रियंका पहली बार इस यात्रा में शामिल हुई हैं। उनके साथ रॉबर्ट वाड्रा और उनके बेटे रेहान वाड्रा भी हैं। कन्हैया कुमार भी यात्रा में चल रहे हैं। वे वर्तमान में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के नेता हैं। वह 2015 में जेएनयू छात्रसंघ के अध्यक्ष पद के लिए चुने गए थे। यात्रा में आज राजस्थान के कद्दावर नेता सचिन पायलट भी चल रहे हैं।

राहुल गांधी के साथ मप्र के दो पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और दिग्विजय सिंह भी कदमताल कर रहे।

टंट्या भील की जन्मस्थली भी जाएंगे राहुल गांधी

राहुल गांधी की यात्रा रुस्तमपुर पहुंच चुकी है। वे यहां से टंट्या भील की जन्मस्थली जाएंगे, जहां जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद यात्रा डूल्हार पहुंचेगी, यहां के गुरुद्वारा में लंच ब्रेक होगा। यहां से यात्रा छैगांव माखन के लिए चलेगी, वहां नुक्कड़ सभा के बाद दूसरे दिन का सफर खत्म होगा। रात्रि विश्राम खरगोन जिले के खेरदा में होगा। प्रदेश में यात्रा की शुरुआत बुधवार को बुरहानपुर के बोदरली गांव से हुई है। दूसरे दिन आज राहुल गांधी कुल 65 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे। रुस्तमपुर से टंट्या भील जन्मस्थली तक 20 किलोमीटर का सफर राहुल गांधी वाहन से करेंगे। वहीं, छैगांव माखन में खंडवा तिराहे पर देर शाम नुक्कड़ सभा होगी। नुक्कड़ सभा के बाद राहुल गांधी की पदयात्रा यहीं खत्म हो जाएगी। यहां से राहुल वाहन द्वारा 20 किलोमीटर दूर खरगोन जिले के खेरदा पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे। कल 25 नवंबर को भारत जोड़ो यात्रा खरगोन जिले के ही खेरदा से शुरू होगी, भानबरद में मॉर्निंग ब्रेक के बाद दोपहर को फिर शुरू होकर सनावद बस स्टैंड पहुंचेगी, जहां इवनिंग ब्रेक पश्चात यात्रा खंडवा जिले में पुन: प्रवेश करेगी और जिले के मोरटक्का में रात्रि विश्राम करेगी।

आज से यात्रा में प्रियंका गांधी भी शामिल हुई हैं। उनके पति रॉबर्ट वाड्रा और बेटे रेहान वाड्रा भी साथ हैं।

मम्मी-पापा के साथ रेहान वाड्रा भी अपने मामा राहुल की यात्रा में शामिल हुए

राहुल गांधी की एमपी में यात्रा के दूसरे दिन बहन प्रियंका, जीजाजी राबर्ट वाड्रा और भानजे रेहान भी यात्रा में शामिल हुए हैं। प्रियंका बुधवार को परिवार सहित इंदौर आई और यहां से यात्रा के लिए सड़क मार्ग से निकल गई। प्रियंका गांधी बुधवार शाम इंदौर पहुंचीं। एयरपोर्ट पर उनका स्वागत कांग्रेस नेताओं ने किया। यहां से वे कार से बुरहानपुर के झिरी पहुंची। प्रियंका के साथ इंदौर एयरपोर्ट पर पति रॉबर्ट वाड्रा तो नजर आए, लेकिन रेहान नहीं दिखे। दरअसल, प्रियंका और रॉबर्ट के इंदौर आने से पहले ही सुबह की फ्लाइट से रेहान इंदौर आ गए थे। जिन्हें प्रियंका गांधी के करीबी और कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सत्यनारायण पटेल के बेटे विनोद पटेल ने रिसीव किया। विनोद पूरे समय उनके साथ रहे। प्रियंका के आने तक करीब दो-तीन घंटे रेहान विजय नगर क्षेत्र स्थित एक निजी होटल में ठहरे।

एमपी में यात्रा के दूसरे दिन राहुल गांधी और प्रियंका के साथ राजस्थान कांग्रेस के कद्दावर नेता सचिन पायलट भी शामिल हुए।

खंडवा के बोरगांव बुजुर्ग से शुरू हुई भारत जोड़ो यात्रा में आज कन्हैया कुमार भी साथ चल रहे हैं।

सुबह तेज ठंड के बावजूद कार्यकर्ताओं में दिखा भारी जोश

गुरुवार सुबह वातावरण में घुली हुई ठंड की सिहरन के बावजूद कार्यकर्ताओं में भारी जोश नजर आया। अलसुबह से ही खंडवा के पास बोरगांव स्थित होटल रनवे के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ जमा होना शुरू हो गई थी। आज कार्यकर्ताओं की भीड़ में कई नए चेहरे नजर आए। इसमें खंडवा और खरगोन जिले से जुड़े नेताओं का हुजूम भी शामिल है। सुबह करीब 6.20 बजे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की गाड़ियां पहुंची। राहुल-प्रियंका के पहुंचते ही ठंडी से सिकुड़ रहे कार्यकर्ताओं में अचानक जोश आ गया और जोरदार नारों के साथ यात्रा ने दूसरे दिन का आगाज किया।

थ्री लेयर सुरक्षा घेरे में शुरू हुई यात्रा, 500 जवान तैनात

राहुल और प्रियंका ने दूसरे दिन की यात्रा थ्री लेयर सुरक्षा घेरे में शुरू की। सुरक्षा में करीब 500 से ज्यादा जवान लगाए गए हैं। हालांकि, आज उन जवानों को शामिल नहीं किया गया है, जो कल सुरक्षा संभाल रहे थे। आज सुरक्षा घेरे में सभी नए जवान हैं। यह जवान पहले यात्रा की रिहर्सल कर चुके हैं। ऐसे में उन्हें कोई दिक्कत नहीं हो रही। वे मुश्तैदी के साथ सुरक्षा में तैनात हैं। कांग्रेस की यात्रा में शामिल सैकड़ों कार्यकर्ताओं में काफी जोश दिखाई दे रहा है।

खराब सड़कों का भी सामना कर रही यात्रा

मध्यप्रदेश में राहुल गांधी की यात्रा को खराब सड़कों का सामना करना पड़ रहा है। यात्रा के दौरान उठ रहे धूल के गुबार कार्यकर्ताओं को परेशान कर रहे हैं। इसलिए जिन रास्तों से राहुल गांधी की यात्रा गुजर रही है, वहां पर पहले पानी डाला जा रहा है, ताकि पदयात्रियों के कारण उड़ने वाली धूल को रोका जा सके।

राहुल गांधी ने पहले दिन 22 किमी का सफर तय किया

भारत जोड़ो यात्रा के 77वें दिन राहुल गांधी ने मप्र में एंट्री की। यात्रा की शुरुआत बुरहानपुर के बोदरली गांव से हुई। करीब 10 किमी चलने के बाद मॉर्निंग ब्रेक बुरहानपुर के जेवियर कॉलेज में हुआ। यहां से यात्रा पौने 4 बजे फिर शुरू हुई और शाम को बुरहानपुर के ट्रांसपोर्ट नगर पहुंची। यहां पर राहुल गांधी ने आमसभा को संबोधित किया। इसके बाद उन्होंने नाइट स्टे बुरहानपुर के झिरी में किया। एमपी में पहले दिन राहुल की यात्रा ने 22 किलोमीटर का सफर तय किया।

भारत जोड़ो यात्रा पर लिखा गया गीत इंदौर में किया जाएगा लॉन्च

“पंख बंधे ना रुके उड़ान, हाथ से छू ले आसमान” ये बोल भारत जोड़ो यात्रा पर लिखे गए गीत का है, जिसका ट्रेलर पिछले दिनों जारी किया गया था। ट्रेलर तेजी से वायरल हो रहा है। यात्रा की कमान संभाल रहे दिग्विजय सिंह ने 15 नवंबर को इस गीत को लेकर एक ट्वीट किया था, जिसमें जानकारी दी थी कि मशहूर पार्श्व गायक सुखविंदर सिंह ने इसे आवाज दी है। वहीं लिरिक्स गुलजार ने लिखा है। मशहूर म्यूजिक डायरेक्टर विशाल भारद्वाज ने इसमें म्यूजिक दिया है। जबकि, फिल्माया भारत बाला ने है। इस गीत में फिल्मी जगत के तमाम दिग्गजों का योगदान होने के कारण लोगों में इसकी लॉन्चिंग को लेकर बेहद उत्सुकता है। इस गीत को राहुल की यात्रा के इंदौर पहुंचने पर लॉन्च करने की योजना है।

बधवार को इंदौर एयरपोर्ट पर पहुंचे रॉबर्ट वाड्रा। यहां से पत्नी प्रियंका के साथ बुरहानपुर के लिए हुए रवाना।

टी शर्ट पहने खड़े रेहान वाड्रा और साथ में सत्यनारायण पटेल के बेटे विनोद पटेल।

खबर अपडेट हो रही है…

Back to top button