मध्य प्रदेश

गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने पर कांग्रेस का वॉकआउट, विधानसभा के बाहर सिलेंडर लेकर कांग्रेस विधायकों ने किया प्रदर्शन

बजट के दिन ही रसोई गैस के दाम बढ़ने पर नेता प्रतिपक्ष बोले- बजट आया नहीं और महिलाओं के घर का बजट बिगड़ गया

कैलाश गौर, भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा में आज शिवराज सरकार के चौथे कार्यकाल का अंतिम बजट पेश किया गया। आज ही रसोई गैस के दाम भी बढ़ गए। इसे मुद्दा बनाते हुए विपक्षी दल कांग्रेस ने सदन के अंदर और बाहर जमकर हंगामा किया। रसोई गैस सिलेंडर लेकर पहुंचे कांग्रेसी विधायकों ने विधानसभा के बाहर प्रदर्शन किया और धरना दिया। वहीं, सदन के भीतर वित्त मंत्री बजट भाषण पढ़ रहे थे और कांग्रेस विधायक हंगामा करते रहे। लेकिन, वित्त मंत्री रुके नहीं और बजट पढ़ते रहे। कुछ देर बाद कांग्रेस विधायकों ने बहिर्गमन कर दिया

वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा बजट भाषण पढ़ने खड़े हुए तभी नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह ने कहा कि आज ही भारत सरकार ने घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में 50 रुपए प्रति सिलेंडर की वृद्धि कर दी है। इससे घरेलू बजट संभालने वाली महिलाओं का बजट बिगड़ गया है। मैं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मांग करता हूं कि वे सदन में घोषणा करें कि घरेलू गैस सिलेंडर के दामों की वृद्धि को प्रदेश में लागू नहीं किया जाएगा। बजट आया नहीं और महिलाओं के घर का बजट बिगड़ गया है। वित्त मंत्री के भाषण शुरू करते हुए पूर्व वित्त मंत्री और कांग्रेस विधायक तरुण भनोट ने कहा कि गैस सिलेंडर के दाम बढऩे के कारण किसी के घर चूल्हा नहीं जल रहा है। इस पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि विपक्षी सदस्यों को बजट पर चर्चा के समय बोलने का पूरा अवसर मिलेगा। अभी टोका-टिप्पणी मत करिए। इसके बावजूद कांग्रेस विधायकों का विरोध जारी रहा। इस पर अध्यक्ष ने व्यवस्था दी की वित्त मंत्री के अलावा किसी भी सदस्य का वक्तव्य कार्यवाही में नोट नहीं किया जाएगा। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने कहा कि अभी तक घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में की मूल्य वृद्धि प्रदेश में लागू नहीं करने को लेकर मुख्यमंत्री का कोई वक्तव्य नहीं आया, इस कारण हम बहिर्गमन करते हैं। 11:7 बजे कांग्रेस विधायकों ने सदन से बहिर्गमन कर गए।
पहले चार, फिर सारे कांग्रेसी विधायक वापस आए
11:10 बजे सदन में चार कांग्रेस विधायक लक्ष्मण सिंह, सज्जन सिंह वर्मा, आरिफ अकील और प्रियव्रत सिंह वापस आए। इसके कुछ समय बाद सभी सदस्य वापस सदन में आ गए। वित्त मंत्री बजट प्रस्तुत करते रहे और अलग-अलग समय पर अलग-अलग विषयों पर कांग्रेस विधायकों द्वारा बजट का विरोध और सरकार की कमियां गिनाना जारी रहा।
जनता बजट भाषण सुनना चाहती है : शिवराज सिंह
बार-बार टोकाटाकी के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान खड़े हुए और कहा कि सदन में बजट भाषण सुनने की परंपरा रही है। कांग्रेसी सदस्य इतना अधिक टोकाटाकी कर रहे हैं, कि जनता बजट भाषण सुन नहीं पा रही है। जनता बजट भाषण सुनना चाहती है। मैं नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह और कमलनाथ से आग्रह करता हूं कि वे सदस्यों को शांत कराएं और बजट भाषण सुनें। बजट में चर्चा के दौरान आप खूब विरोध करिए, हम सबका जवाब देंगे। इसके बाद कमलनाथ ने मोर्चा संभालते हुए कहा कि आज ही केंद्र सरकार ने घरेलू गैस सिलेंडर के दाम 50 रुपए बढ़ा दिए हैं, जिससे सदस्य दुखी हैं। इसके बाद भी पूरे बजट भाषण में विपक्षी सदस्य टोकाटाकी करते रहे।
सीएम बोले- खिसियानी बिल्ली खंभा नोंचे… मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मीडिया को सदन में कांग्रेस सदस्यों की टोकाटाकी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि खिसियायनी बिल्ली खंभा नोंचे। उनके पास कुछ था ही नहीं। उनको लगा कि सबकुछ निर्विध्न चला तो सारी चीजे जनता के पास बहुत प्रभावी ढंग से जाएंगी। इसलिए चिल्लाओ, अराजकता मचाओ, हंगामा करो। मध्य प्रदेश में ऐसा कभी नहीं हुआ। लोकतंत्र की मर्यादाओं को उन्होंने तार-तार किया है।

गृहमंत्री बोले- आपके नेता दिल्ली में बोल नहीं पाते क्या?
बजट भाषण के बीच गैस सिलेंडर लेकर पहुंचे कांग्रेस विधायकों ने सदन से वॉकआउट कर दिया। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा, वे कहते हैं कि महिलाओं को 1000 रुपए देंगे, लेकिन गैस सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए। हंगामे पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कमलनाथ और नेता प्रतिपक्ष से अनुरोध करते हुए कहा, बजट भाषण पूरा प्रदेश सुनना चाहता है।
सदन के बाहर कमलनाथ बोले- मुझे कई बजट सुनने का मौका मिला, लेकिन 50 रुपए सिलेंडर के दाम बढ़ाने की महंगाई मिली। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा- राज्य सरकार ने सिलेंडर पर दाम नहीं बढ़ाए। आपके नेता दिल्ली में बोल नहीं पाते क्या? वित्त मंत्री बोले- कपड़े फाड़ने का काम मत करो।

विधानसभा बजट सत्र कैमरे की नजर से….

बजट पेश करने विधानसभा रवाना होने से पहले वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने पत्नी के साथ अपने आवास पर पूजा-अर्चना की।

 वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा को उनकी पत्नी ने तिलक कर बजट पेश करने विधानसभा के लिए रवाना किया।

वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा बजट पेश करने विधानसभा जाते हुए।

कांग्रेस ‎विधायकों और कार्यकर्ताओं ने गैस ‎सिलेंडर के दाम बढ़ने के ‎विरोध में ‎विधानसभा के बाहर प्रदर्शन ‎किया।

बजट में महिलाओं पर फोकस होने से महिला जनप्रतिनिधियों ने सीएम का आभार जताया।

Back to top button