मध्य प्रदेश

कांग्रेस नेता ने घर में घुसकर महिला का वीडियो बनाया, केस दर्ज, महिला की अनुमति के बिना वीडियो बनाकर किया वायरल…

भोपाल। राजधानी की निशातपुरा पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला के खिलाफ घर में घुसकर उसका वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। महिला के पति और देवर की कोरोना की दूसरी लहर में मृत्यु हो गई थी। 26 जुलाई को महिला स्नेहा डोबले शाम 4 बजे घर पर थी, तभी मनोज शुक्ला उनके घर पर पहुंचा। उसके साथ दो अन्य युवक भी थे। यह तीनों महिला की बिना अनुमति के घर में घुस गए और उसके साथ के युवक ने अचानक महिला से सवाल पूछना शुरू किया और मनोज शुक्ला सवालों का अपनी तरफ से जवाब देने लगा।

निशातपुरा पुलिस के अनुसार महिला ने लिखित आवेदन देकर थाने में शिकायत की थी कि मनोज शुक्ला और दूसरा युवक जो खुद को पत्रकार बता रहा था बिना अनुमति के घर में घुसे और इस कथित पत्रकार ने उनसे आपत्तिजनक प्रश्न पूछना शुरू कर दिया। इन सवालों का जवाब खुद मनोज शुक्ला जोर-जोर से देने लगे। महिला ने जब इस पर आपत्ति जताई तो मनोज शुक्ला कहने लगे कि में क्षेत्र का कांग्रेस नेता हूं। उसने दबाव बनाते हुए एक युवक से उसका एक वीडियो बनवा लिया। इसमें उसके बच्चे भी दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद मनोज शुक्ला ने वीडियो फेसबुक, टि्वटर आदि पर डाल दिया। उसने कांग्रेस के ट्विटर अकाउंट पर भी पोस्ट किया। महिला के अनुसार मनोज द्वारा वीडियो पोस्ट करने के बाद मेरे रिश्तेदार के फोन आने लगे। महिला ने शिकायत में कहा कि मनोज शुक्ला ने उनकी निजता का उल्लंघन किया है और उसे बदनाम करने की कोशिश की है। उनकी बिना अनुमति के घर में दबाव के साथ घुसकर मनोज शुक्ला ने उनकी प्रतिष्ठा की हानि की है। महिला की शिकायत पर निशातपुरा पुलिस ने आरोपी मनोज शुक्ला और 2 अन्य युवकों के खिलाफ भादंवि की धारा 451, 469, 506 और 34 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। आरोपी कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

Back to top button