कोरबा

गणेश दंतैल के गर्दन में लगा कॉलर आई डी कुदमुरा रेंज में मिला, अधिकारी चिंतित

कोरबा (गेंदलाल शुक्ल) । छत्तीसगढ़ वन विभाग के बिलासपुर सर्किल के कोरबा, धरमजयगढ़, रायगढ़ और कटघोरा वन मंडल में आतंक का पर्याय गणेश हाथी पिछले कुछ दिनों से कोरबा वन मंडल के कुदमुरा रेंज में विचरण कर रहा है, जिसने इस दौरान कई किसानों की फसलों को रौंद दिया है। वहीं गणेश के गर्दन में लगा कॉलर आई डी कुदमुरा रेंज में गिर गया है, जिससे वन विभाग के अधिकरियों की परेशानी बढ़ गई है।

अधिकारिक जानकारी के अनुसार लगभग 15 लोगों को कुचलने वाले गणेश हाथी में लगाया गया रेडियो कॉलर आईडी जंगल में टूटा हुआ गुरुवार को मिला। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। गणेश हाथी को ट्रेस करने का काम शुरू कर दिया गया है। कॉलर आईडी के नीचे गिर जाने से अब गणेश का लोकेशन अधिकारी कर्मचारियों को नहीं मिल पा रहा है, जिससे वन विभाग के अधिकारी कर्मचारियों की परेशानी बढ़ गई है। वहीं विभाग के अधिकारी जंगलों में जाकर लोगों को सतर्क कर रहे है।

उल्लेखनीय है कि बीते साल झुंड से भटकने के बाद गणेश हाथी ने कोरबा और धर्मजयगढ़ वन मंडल के 40 से ज्यादा गांव में जमकर उत्पात मचाया था। गणेश हाथी ने लोगों को सिलसिलेवार मौत के घाट उतारा था। इसके बाद मुख्यालय से अनुमति लेने के बाद ट्रेंकुलाइज कर गणेश हाथी को कालर आईडी लगाया गया था। तब से गणेश हाथी पर निगरानी रखी जा रही थी। उसके लोकेशन के आधार पर आस-पास के गांव में मुनादी कराई जा रही थी। इस वजह से घटनाओं में कमी आई थी। बीते एक सप्ताह से गणेश कुदमुरा व करतला रेंज के आसपास उत्पात मचा रहा था।

गुरुवार की सुबह कुदमुरा रेंज क्षेत्र में गणेश हाथी पर लगाए गया कॉलर आईडी टूटा हुआ जंगल में मिला। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। वन अमला मौके पर पहुंचा, तब से गणेश हाथी का लोकेशन ट्रेस नहीं हो पा रहा है। पिछले साल बड़ी मशक्कत के बाद गणेश हाथी को धर्मजयगढ़ रेंज के जंगल में ट्रेंकुलाइज कर कॉलर आईडी लगाया गया था। गणेश को सरगुजा ले जाया जा रहा था, उस वक्त वह ट्रक में ही उत्पात मचाने लगा था। इसके बाद उसे आनन-फानन में वापस कुदमुरा लाया गया था, जहां वो जंजीर तोड़ कर भाग गया था।

Back to top button