राजस्थान

ठंड का अलर्ट, 5 डिग्री के नीचे गिरा पारा: बर्फबारी से पहाड़ों में तेजी से बदला मौसम; खेतों में जमी ओस की बूंदें …

जयपुर। उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के कई शहरों में चली सर्द हवाओं के कारण रेगिस्तानी इलाकों में भी रात में सर्दी महसूस होने लगी है। बीती रात उदयपुर, जोधपुर, जैसलमेर, अजमेर समेत कई शहरों में न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हुई। सबसे ज्यादा सर्द शहर सीकर का फतेहपुर रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री रिकॉर्ड हुआ।

गुलाबी ठंड के बाद अब राजस्थान में सर्दी के तेवर सख्त हो होने लगे हैं। हिमाचल से आने वाली सर्द हवाओं से जमीनी इलाकों का तापमान लगातार गिर रहा है। प्रदेश में न्यूनतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग के अनुसार नवंबर के आखिर तक तापमान में दो डिग्री की और गिरावट हो सकती है।

राज्य में मौसम की स्थिति देखें तो रात के साथ-साथ दिन में भी तापमान गिर रहा है। कल जालोर, डूंगरपुर, जोधपुर, जैसलमेर, बाड़मेर, उदयपुर, अलवर में अधिकतम तापमान भी करीब 1.5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया। वहीं, 25.3 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ अलवर में सोमवार सबसे ठंडा दिन रहा।

चूरू में बीती रात न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम रहा। चूरू के अलावा बीकानेर, कोटा, उदयपुर, सीकर और अजमेर में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे चला गया है।

सीकर में पिछले 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज हुई है। यहां एक दिन पहले न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस था, जो गिरकर आज 8 पर पहुंच गया।

Back to top button