मध्य प्रदेश

चीन को लेकर राहुल गांधी के बयान पर सीएम ने साधा निशाना: बोले- 1962 याद कर लो, चीन ने कितने क्षेत्र पर कब्जा किया था

शिवराज सिंह ने कहा- राजीव के समय पिद्दी से देश भी डराते थे, अब भारत की तरफ कोई आंख उठाकर नहीं देख सकता

भोपाल/कटनी। चीन विवाद पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी द्वारा कल शुक्रवार को जयपुर में दिए बयान पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने निशाना साधा है। यहां कटनी में बीजेपी की विस्तारित प्रदेश पदाधिकारी की बैठक में शामिल होने कटनी आए सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि राहुल गांधी 1962 याद कर लो, तब चीन ने भारत के कितने क्षेत्र पर कब्जा किया था। वहीं, यह भी याद कर लो कि राजीव गांधी के समय पिद्दी से देश भी भारत को आंख दिखाते थे। दरअसल, शुक्रवार को राहुल गांधी ने जयपुर में मीडिया से कहा था कि चीन हमारे सैनिकों को पीट रहा है। राहुल के इस बयान के बाद पूरा विवाद शुरू हुआ है। इसी को लेकर शिवराज ने राहुल गांधी को आड़े हाथों लिया।

सीएम बोले- हम छेड़ेंगे नहीं, लेकिन छेड़ा तो छोड़ेंगे नहीं

यहां मीडिया से चर्चा करते हुए शिवराज सिंह ने कहा कि मैं राहुल गांधी से पहले पूछना चाहता हूं। 1962 भी याद कर लो राहुल गांधी, तब देश की हालत क्या थी। चीन ने कितने भू भाग पर कब्जा किया था। जब राजीव जी प्रधानमंत्री थे, तब पिद्दी-पिद्दी से देश हमें डराते थे। आज भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हैं। उनके नेतृत्व में एक वैभवशाली, गौरवशाली, संपन्न समृद्ध और शक्तिशाली भारत का निर्माण हो रहा है। हमारे देश की तरफ देखने की हिम्मत चीन ने की थी, तो हमारी सेना ने उसके सैनिकों की गर्दन तोड़कर चीन की सीमा पर वापस फेंका था। हमारी सेना का अपमान न करें, केवल बातें न करें। अब भारत की तरफ कोई आंख उठाकर नहीं देख सकता। पीएम नरेन्द्र मोदी ने कह दिया है और कह नहीं रहे हम कर रहे हैं ‘हम किसी को छेड़ेंगे नहीं, लेकिन किसी ने हमें छेड़ा तो उसे हम छोड़ेंगे नही’। एयर स्ट्राइक, सर्जिकल स्ट्राइक सारी दुनिया देख रही है। राहुल को पहले 62 देखना चाहिए, उसके बाद बात करना चाहिए।

35

राहुल ने कहा था- चीन हमारे सैनिकों को पीट रहा

भारत जोड़ो यात्रा के 100 दिन पूरे होने पर शुक्रवार को जयपुर में राहुल गांधी ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए चीन के मसले पर विदेश मंत्री को नसीहत दी। उन्होंने कहा था कि विदेश मंत्री जयशंकर को अपनी सोच और समझ बड़ी करनी चाहिए। चीन की तैयारी युद्ध की है और सरकार इस मसले को नजरअंदाज कर रही है। इससे संबंधित जानकारियों को छुपाने की कोशिश कर रही है। चीन युद्ध की तैयारी कर रहा, सरकार सोई हुई है। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान की सरकार रणनीतिक रूप से काम नहीं करती, इवेंट बेस काम करती है। जहां जिओ पॉलिटिक्स की बात आती है, वहां इवेंट काम नहीं आते, वहां ताकत काम आती है। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि चीन पर कोई सवाल नहीं पूछ रहा है। चीन ने हमारी 2 हजार स्क्वेयर किलोमीटर जमीन पर कब्जा कर लिया। चीन के सैनिक हमारे जवानों को अरुणाचल प्रदेश में पीट रहे हैं। उन्होंने हिंदुस्तान के 20 जवानों को शहीद कर दिया है।

निर्मल सत्य गार्डन में शुरू हुई बैठक

बीजेपी की विस्तारित प्रदेश पदाधिकारी की बैठक निर्मल सत्य गार्डन में चल रही है। सीएम शिवराज सिंह, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने सत्र का शुभारंभ किया। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, पार्टी के महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, कविता पाटीदार, ओमप्रकाश धुर्वे, जयभान सिंह पवैया, फग्गन सिंह कुलस्ते सहित कई नेता मौजूद हैं।

Back to top button