मध्य प्रदेश

सीएम शिवराज ने की बड़ी घोषणा : बोले- ब्राह्मण कल्याण बोर्ड की होगी स्थापना, भगवान परशुराम की जन्म-स्थली जानापाव में बनेगा श्री परशुराम लोक

सीएम ने कहा- गुफा मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए बनेगा विशाल भवन, परशुराम जी का जीवन-चरित्र अब पाठ्यपुस्तक में, संस्कृत अध्ययन पर दिया जा रहा प्रोत्साहन

कैलाश गौर, भोपाल। राजधानी के लालघाटी क्षेत्र स्थित गुफा मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशाल भवन का निर्माण किया जाएगा। प्रदेश में ब्राह्मण कल्याण बोर्ड की स्थापना की जाएगी। इसके अलावा भगवान परशुराम की जन्म-स्थली जानापाव में श्री परशुराम लोक का निर्माण किया जाएगा। यह घोषणाएं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज शनिवार को परशुराम जयंती पर आयोजित अक्षयोत्सव-2023 कार्यक्रम में कीं। यह कार्यक्रम गुफा मंदिर परिसर भोपाल में बागेश्वर धाम के महंत धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री महाराज के सानिध्य में आयोजित किया गया था। सीएम ने लालघाटी चौराहा स्थित दुर्गा मंदिर पहुंचकर अक्षय तृतीया पर पूजा अर्चना की।

सीएम बोले- हम अकेले अकबर को नहीं, राम और परशुराम को भी पढ़ाएंगे

इस अवसर पर सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि भगवान परशुराम न्याय के देवता थे। उन्होंने आततायियों का नाश करने के लिए शस्त्र उठाए थे। उनकी प्रेरणा से मध्यप्रदेश की धरती पर गुण्डे, बदमाश और नक्सलियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जा रही है। आठवीं की किताब में भगवान परशुराम के जीवन को सम्मिलित किया गया है, हम केवल अकबर को नहीं पढ़ाएंगे, हम राम को भी पढ़ाएंगे, परशुराम को भी पढ़ाएंगे। इतिहास को सही ढंग से लिखने की कोशिश करेंगे। प्रदेश में कक्षा 8वीं के पाठ्यक्रम में भगवान परशुराम के जीवन-चरित्र को शामिल करने, संस्कृत और कर्मकांड का अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति देने और पुजारियों को मानदेय देने की व्यवस्था की गई है। प्रदेश में आवश्यकता पड़ने पर संस्कृत शिक्षकों को नियुक्त करने का कार्य किया जाएगा। साथ ही मंदिरों की भूमि के संबंध में आवश्यक अधिकार भी रहेंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि धर्म और संस्कृति की रक्षा के कार्य में ब्राह्मणों ने विशेष योगदान दिया है। विभिन्न अवसरों पर आवश्यक कर्मकांड के लिए शिक्षित और दीक्षित ब्राम्हण अपने दायित्व पूरे करते हैं। प्रदेश में 3547 संस्कृत शिक्षक नियुक्त किए गए हैं। शासकीय विद्यालयों में संस्कृत शिक्षकों की आवश्यकता को देखते हुए और भी नियुक्तियां की जाएंगी। उन्होंने कहा कि धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री महाराज द्वारा दिए गए सुझावों के अनुरूप राज्य सरकार आवश्यक कदम उठाएगी।

धीरेंद्र शास्त्री बोले- बहुत जल्द भोपाल में कथा करेंगे

‘अक्षयोत्सव 2023’ कार्यक्रम में बागेश्वर धाम के पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री भी शामिल हुए। जन्मोत्सव कार्यक्रम में पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि धर्म और शास्त्र दोनों की आवश्यकता है। हम यहां प्रवचन सुनाने नहीं आए हैं, हम तो भोपालवासियों के दर्शन करने आए हैं। शीघ्र ही भोपाल में कथा करेंगे। बालाजी की कृपा हुई तो भारत हिंदू राष्ट्र बनकर रहेगा। जातिवाद का नाता तोड़ना होगा और हम सबको एक होना पड़ेगा। इससे पूर्व धीरेंद्र शास्त्री विशेष विमान से एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट से गुफा मंदिर तक बागेश्वर सरकार की विशाल शोभायात्रा निकाली गई। रास्ते में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया गया। शोभायात्रा में शामिल होने बड़ी संख्या में भक्त भोपाल लालघाटी चौराहे पर जुटे। बागेश्वर सरकार को देखने हजारों की संख्या में भीड़ उमड़ी। लोगों ने अपने शरीर पर राम राम लिखवाया, शरीर पर धीरेंद्र शास्त्री की तस्वीर बनाई। कई भक्तों ने शरीर पर लिखवाया- एक ही संकल्प हिंदू राष्ट्र। मंच पर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री व महंत रामप्रवेश दास जी महाराज के लिए विशेष गादी सजाई गई थी। इस अवसर पर पं. शास्त्री ने भक्तों को आशीर्वचन भी दिया।

परशुराम जन्मोत्सव पर निकाली भव्य कलश यात्रा

भगवान परशुराम प्रकटोत्सव समारोह समिति के तत्वावधान में लालघाटी चौराहा से बड़ी संख्या में महिलाएं कलश यात्रा लेकर निकलीं। शिव भक्त मंडल उज्जैन के कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। मंदिर परिसर में मंच पर 551 ब्राह्मणों द्वारा स्वास्तिक वाचन, शंखनाद, भजन-कीर्तन और महाआरती कर प्रकटोत्सव समारोह की शुरुआत की गई। कार्यक्रम में सीएम शिवराज सिंह चौहान, गुफा मंदिर श्री रामानंद आश्रम के महंत श्रीश्री 1008 रामप्रवेशदास जी महाराज, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, विधायक रामेश्वर शर्मा, भोपाल महापौर श्रीमती मालती राय, भोपाल के पूर्व महापौर आलोक शर्मा, शशि भाई सेठ, जन-प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

तेज गर्मी के बावजूद इतनी भीड़ कि पैर रखने की जगह तक नहीं

पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को सुनने के लिए भोपाल समेत आसपास के जिलों से भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचे थे। तपती धूप में भी कई महिलाएं नन्हें बच्चों को लेकर पहुंचीं। गुफा मंदिर परिसर में हजारों लोग मौजूद थे। इतनी भीड़ थी कि पैर रखने तक की जगह नहीं मिल रही थी। कई बार श्रद्धालु गिरते-गिरते बचे। पं. शास्त्री, सीएम चौहान, मंत्री सारंग, आयोजन समिति के अध्यक्ष आलोक शर्मा ने श्रद्धालुओं को जो जहां है, उसी स्थान पर बैठने की अपील भी कहीं।

 

 

 

Back to top button