मध्य प्रदेश

एमपी के सलकनपुर में भव्य देवीलोक का सीएम शिवराज ने किया शिलान्यास : 211 करोड़ की लागत से बनेगा पूरा परिसर, 166 करोड़ में बनेगी मंदिर संरचना

एक लाख से ज्यादा श्रद्धालु और संत बने महोत्सव के साक्षी, सीएम बोले- जन-जन को जोडऩे वाली धर्म-संस्कृति को बढ़ावा देना सरकार का दायित्व: सीएम

कैलाश गौर, भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को सलकनपुर में 211 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले विजयासन माता के भव्य देवीलोक का शिला-पूजन किया। उन्होंने कहा कि विकास के कार्यों के साथ जन-जन को जोडऩे वाली धर्म और संस्कृति को बढ़ावा देना भी सरकार का उत्तरदायित्व है। सलकनपुर में देश भर के मठ, मंदिर, शक्तिपीठ, अखाड़ों के साधु, संत, महंत और पुजारियों की उपस्थिति में भव्य देवीलोक निर्माण के भूमि-पूजन में लगभग एक लाख श्रद्धालु साक्षी बने। प्रभारी मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी, कृषि मंत्री श्री कमल पटेल सहित विधायक, मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती साधना सिंह, पुत्र श्री कार्तिकेय सिंह चौहान भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री चौहान ने अपार जन-समूह के साथ माँ की स्तुति भी की। उन्होंने कहा कि यह माता का आशीर्वाद ही है कि बहन-बेटियों को गलत नजर से देखने और उनके साथ गलत करने वालों को सरकार ने फाँसी देने का कानून बनाया है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि राज्य सरकार माता का भव्य देवीलोक उनके ही आशीर्वाद से बनवा रही है। माँ का ही आशीर्वाद है जो उनकी सरकार ने बहनों के सम्मान और छोटी-छोटी जरूरतों के लिए मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना बनाई। उन्होंने नारियों के सम्मान को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि नारी सशक्तिकरण और सम्मान के लिए लाड़ली लक्ष्मी और मुख्यमंत्री कन्या विवाह सहित अनेक योजनाएँ संचालित की हैं।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मैया के मंदिर परिसर में 166 करोड़ रुपए से मंदिर संरचनाओं के साथ ही 64 योगिनी, नवदुर्गा के नौ स्वरूप की प्रतिकृति के साथ ही देवी महात्म, दुर्गा सप्तशती और विभिन्न शक्तिपीठ की आकृतियों के निर्माण के साथ ही श्लोक उकेरे जायेंगे। मुख्यमंत्री ने देश के सभी शक्तिपीठ से आए जल और पवित्र मिट्टी का भी शिलाओं के साथ पूजन किया। यह सभी सामग्री देवीलोक के निर्माण में लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि मंदिर के नीचे श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिये 45 करोड़ की लागत से निर्माण कार्य किये जायेंगे। मुख्यमंत्री ने माँ और साधु-संतों से प्रदेश की सुख-समृद्धि का आशीर्वाद लिया। सांसद विदिशा श्री रमाकांत भार्गव ने भी संबोधित किया।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सलकनपुर में देवीलोक महोत्सव में शामिल साधु संतों का पुष्प-वर्षा कर स्वागत किया।

इसके पहले मुख्यमंत्री चौहान ने सलकनपुर में देवीलोक प्रदर्शनी और निर्माणाधीन महादेवी लोक के मॉडल का अवलोकन किया। उन्होंने मंच स्थल पर बनाई गई माता विजयासन मंदिर की प्रतिकृति के दर्शन किए। इस दौरान गाजे-बाजे के साथ निकाली गई माता की रथ यात्रा में भी मुख्यमंत्री शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने सुसज्जित वाहन में सवार होकर लगभग एक लाख श्रद्धालुओं का स्वागत किया और कार्यक्रम को ऐतिहासिक रूप देने के लिए उनका आभार माना। महोत्सव में हरियाणा से आए मशहूर भजन गायक कन्हैया मित्तल के भजनों ने समां बांधा। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आई ढोल, नगाड़े, ताशे, झांझ और डमरू वादक दलों ने वादन कार्यक्रम में चार चांद लगाए।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सलकनपुर में देवी लोक महोत्सव में शामिल होने से पहले मां विजयासन की पूजा-अर्चना की।

महाकाल लोक की तर्ज पर सलकनपुर में बनेगा भव्य देवी लोक

सीहोर जिले के सलकनपुर में स्थित विजयासन देवी धाम देश भर में आस्था के एक बड़े केंद्र के रूप में प्रसिद्ध है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मंशा के अनुरूप महाकाल लोक की तर्ज पर सलकनपुर में देवी लोक का निर्माण कराया जा रहा है। देवी लोक में देवी के नौ रूपों तथा 64 योगिनी को शास्त्रों में वर्णित कथाओं के साथ आकर्षक रूप में प्रदर्शित किया जाएगा। भव्य देवी लोक के निर्माण के लिए 200 करोड़ रुपये से अधिक की कार्य योजना बनाई गई है। इसके साथ ही यहां आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अनेक निर्माण एवं विकास के कार्य कराए जा रहे हैं। देवी लोक के निर्माण के पश्चात धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही इस क्षेत्र में पर्यटन पर आधारित आर्थिक गतिविधियों का भी विस्तार होगा। ज्ञात हो, महाकाल लोक की तर्ज पर सलकनपुर में देवी लोक बनाया जा रहा है। यह धार्मिक अवधारणा के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत पर्यटक सुविधाओं के साथ-साथ देवी विंध्यवासिनी के विभिन्न स्वरूपों का चित्रण पृथक-पृथक अधोसंरचनाए निर्मित कर किया जाएगा। समस्त कार्यों को हेरिटेज एवं धार्मिक स्वरूप के दृष्टिकोण से पत्थरों से सौंदर्यीकरण किया जाएगा।

चौसठ योगिनी प्लाजा…

देवी लोक में 64 योगिनी प्लाजा वृत्ताकार निर्मित किया जाएगा, जिसमें 64 योगिनियों के विभिन्न आयामों को म्यूरल के रूप में प्रदर्शित किया जाएगा। देवी के विभिन्न स्वरूपों को प्रदर्शित करने की इस कल्पना को मध्यप्रदेश के भेड़ाघाट तथा उड़ीसा के हीरापुर से लिया गया है।

नवदुर्गा कॉरिडोर…

मंदिर पहुंचने के पहले माता विजयासन देवी के नौ स्वरूपों को पृथक-पृथक म्यूरल के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। देवी के नौ स्वरूपों को कहानी तथा श्लोक के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा।

देवी लोक की अन्य विशेषताएं…

  • मंदिर के मुख्य द्वार के पास सप्त मातृका को मूर्ति तथा म्यूरल आर्ट के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। वेटिंग हॉल के टेरेस पर महाविद्या थीम पर मां काली, तारा, छिन्नमस्ता, सुंदरी, बगुला मातंगी, भुनेश्वरी, सिद्ध विद्या, भैरवी और धूमावती की झांकियां मूर्ति एवं म्यूरल आर्ट के रूप में प्रदर्शित की जाएंगी।
  • माता विजयासन मंदिर के मुख्य द्वार को लाल पत्थरों से सौंदर्यीकरण कर मां दुर्गा के विभिन्न श्लोक म्यूरल एवं संकेतों से सुसज्जित किया जाएगा। प्रवेश द्वार के समीप फाउंटेन  ऑफ लाइट बनाया जाएगा। सुंदर पार्क तथा पर्यटक के विश्राम के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं रहेंगी।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सलकनपुर में देवीलोक महोत्सव में शामिल श्रद्धालुओं का अभिवादन किया।

श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं…

सीढ़ी मार्ग के प्रारंभ में प्रवेश द्वार एवं सरोवर के मध्य एक भक्ति मार्ग के रूप में एक स्थान निर्मित किया जा रहा है, जिसमें श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके अलावा विद्युतीकरण इल्यूमिनेशन सुरक्षा की दृष्टि से पिए सिस्टम सीसीटीवी भी लगाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सलकनपुर में देवीलोक महोत्सव में शामिल श्रद्धालुओं का अभिवादन किया।

वर्तमान में विकास एवं सौंदर्यीकरण के कार्य…

♦  मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा गत वर्ष मई माह में 43 करोड़ रुपये के अनेक विकास एवं निर्माण के कार्यों का भूमि पूजन किया गया था। इनमें अनेक कार्य पूर्ण हो गए हैं।

♦  वर्तमान में पहाड़ी के ऊपर दोपहिया और चार पहिया वाहनों के लिए पृथक-पृथक पार्किंग बनाई गई है। पार्किंग के समीप ही शौचालय भी बनाया गया है। इसके साथ ही ड्राइवर्स डोर मेट्री एवं गार्डरूम भी बनाया गया है, प्रवेश द्वार भी बनाया गया है।

♦  शिव मंदिर का पाथवे निर्मित किया गया है। मंदिर परिसर में गेट ग्रिल स्थापित की गई है तथा वेटिंग एरिया की फ्लोरिंग का कार्य किया गया है।

♦  पहाड़ी के नीचे दो भव्य प्रवेश द्वार बनाए गए हैं। मेला ग्राउंड पर भव्य दीपस्तंभ एवं 102 दुकानों का निर्माण किया गया है।

♦  मेला ग्राउंड पर पेयजल एवं शौचालय बनाए गए हैं। इसके साथ ही सरोवर के विकास एवं सौंदर्यीकरण के कई कार्य किए गए हैं।

Back to top button