मध्य प्रदेश

बाल कांग्रेस कार्यशाला : कमलनाथ बोले- बेसहारों का सहारा और बेजुबानों की जुबान बने बाल कांग्रेस

भाजपा झूठ, फरेब की राजनीति कर रही है, उसका जबाव देना आपकी जबावदारी : कमलनाथ

भोपाल। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री कमलनाथ ने रविवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित मप्र बाल कांग्रेस की एक दिवसीय कार्यशाला को संबोधित किया। कमलनाथ ने कहा कि आपके ऊपर बहुत बड़ी जिम्मेदारी है, एक प्रकार से आप रक्षक हैं भविष्य के, आप रक्षक हैं, तो आपका क्या कर्तव्य बनाता है कि आपका भविष्य सुरक्षित हो, प्रदेश का भविष्य सुरक्षित रहे, देश का भविष्य सुरक्षित रहे।

कमलनाथ ने कहा कि पहले की राजनीति अलग थी, आज की राजनीति अलग है, आपका सौभाग्य है कि आप उस पीढी से हैं जहां इंटरनेट इतना एडवांस हो गया है, सोसल मीडिया है। दस साल पहले यह सब इतना नहीं था, पांच साल पहले तक पांच प्रतिशत लोग ही इंटरनेट से जुड़े थे पर आज 99 प्रतिशत लोग इंटरनेट का उपयोग करते हैं। आज अधिकांश सही जानकारी हमें इंटरनेस से मिल जाती है, आप सबको इतिहास की जानकारी होना जरूरी है, कैसे हमारे देश के महान नेताओं महात्मा गांधी, पं. जवाहरलाल नेहरू, लाल बहादुर शास्त्री, अबुल कलाम आजाद, भगतसिंह जैसे तमाम नेताओं ने देश की आजादी के लिए संघर्ष किया, आजादी दिलायी। आप सब बेसहारों का सहारा और बेजुबानों की जुबान बने। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी ने 18 वर्ष के नौजवानों को मतदान करने का अधिकार दिया था, यही बच्चे भविष्य में हमारे नौजवान बनेंगे और जागरूक नौजवान ही हमारे भविष्य का निर्माण करेंगे, इसलिए यह आवश्यक है कि बच्चों को हमारा सही इतिहास पता हो हमें, इन्हें शिक्षा देनी है ताकि कोई इन्हें गुमराह ना कर सके। व्यवस्थित रूप से रोज के कार्यक्रम निर्धारित करें। पूरे प्रदेश में कांग्रेस गांधी चौपाल का कार्यक्रम चला रही है, आप बाल चौपाल लगायें, बाल सभाएं करें और उसमें कांग्रेस के इतिहास की चर्चा करें, कांग्रेस का इतिहास देश के इतिहास से जुड़ा हुआ है, जो देश की संस्कृति है, वहीं कांग्रेस की संस्कृति है।

नाथ ने कहा कि ज्ञान तो आप पूरी जिंदगी प्राप्त करेंगे, आपके पास आज वह सभी साधन हैं, जिससे आप ज्ञान प्राप्त कर सकते हैं। भाजपा कैसा उपयोग कर लेती है सोशल मीडिया में, कैसे झूठ, फरेब की राजनीति भाजपा कर रही है, उसका जबाव देना आपकी जिम्मेदारी है, यह तभी होगा जब आप दिलचस्पी लेंगे। सबसे प्रमुख है आपको वोटर लिस्ट पर ध्यान देना है। मप्र बाल कांग्रेस के प्रभारी एवं सेवादल के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष महेन्द्र जोशी ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने बाल कांग्रेस की स्थापना कर प्रदेश में बच्चों के दिलोदिमाग में देश के इतिहास देश की आजादी के लिए अपने जीवन की कुबानी देने वाले महान नेताओं के इतिहास को समझने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि आज यहां जो पीढी बैठी है, उस पीढी के परिवार का एक न एक सदस्य इस आजादी की लड़ाई में शामिल हुआ होगा। इसलिए हमें आजादी के इतिहास को जानने की बेहद जरूरत है। मप्र कांग्रेस की प्रवक्ता निकिता खन्ना ने कहा बाल कांग्रेस की रचनात्मक कार्यों में भूमिका और भागीदारी पर प्रकाश डालते हुए उन्हें कार्य करने के लिए अवगत कराया। लेखक एवं विचारक अंशुल त्रिवेदी ने बताया कि भारत के संविधान का परिचय कराया और विस्तृत चर्चा की, युवाओं में संविधान के प्रति चेतना और जागरूकता को लेकर अपने विचार व्यक्त किये।

चंचलेश व्यास ने भाजपा द्वारा सोशल मीडिया पर फैलाये जा रहे झूठ, फरेब पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि सोशल मीडिया युवाओं का सबसे बड़ा माध्यम है, जिससे वह अपने भविष्य को रेखांकित करने के लिए सक्षम है। मप्र बाल कांग्रेस कैप्टन लक्ष्य गुप्ता ने कार्यशाला में आये सभी बाल कांग्रेस के साथियों को जागरूक करते हुए कहा कि मतदान करना हमारा पहला अधिकार है और यह अधिकार हमें कांग्रेस की सरकार में प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने दिया। बाल कांग्रेस के माध्यम से हम एक नई ऊर्जा का संचार कर प्रदेश में कमलनाथ के हाथ मजबूत करें, ताकि प्रदेश में फिर कांग्रेस की सरकार बने और नौजवानों का भविष्य सुरक्षित हो सके। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष चंद्रप्रभाष शेखर, बाल कांग्रेस के पदाधिकारी सह-प्रभारी सचिन द्विवेदी, राजकुमार सिंह, नीर प्रजापति, सुभि जोशी, शुभम शेखर आदि मंचासीन थे। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष प्रकाश जैन, जेपी धनोपिया, केके मिश्रा, दीप्ति सिंह, मप्र आदिवासी कांग्रेस के अध्यक्ष रामू टेकाम सहित बड़ी संख्या में बाल कांग्रेस के पदाधिकारी उपस्थित थे।

Back to top button