मध्य प्रदेश

मुख्यमंत्री लाड़ली बहना सिर्फ योजना नहीं, सामाजिक क्रांति है : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह

हाईलाइट्स…

  • प्रदेश में आज 44 लाख से अधिक लाड़ली लक्ष्म
  • 10 जून से बहनों के खाते में आने लगेंगे 1000 रूपये
  • छूटे हुए सभी गाँव को जल जीवन मिशन में किया जाएगा शामिल
  • मुख्यमंत्री सिवनी के केवलारी में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना महासम्मेलन में शामिल हुए
  • करोड़ों के विकास कार्यों का भूमि-पूजन/लोकार्पण किया

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मध्यप्रदेश में बहनों की जिंदगी बदलने का महा अभियान चल रहा है। सरकार ने अब लाड़ली बहना योजना बनाई है, जिसमें गरीब और निम्न मध्यम वर्ग की महिलाओं को प्रति माह 1000 रूपये मिलेंगे। उन्होंने कहा कि लाड़ली बहना सिर्फ योजना नहीं एक सामाजिक क्रांति है। मेरी बहनों को अब अपनी छोटी-मोटी जरूरतें पूरी करने के लिए किसी के आगे हाथ नहीं फैलाना होगा।
मुख्यमंत्री चौहान आज सिवनी जिले के केवलारी में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना महासम्मेलन में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने 129 करोड़ रूपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। साथ ही मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार योजना के पट्टे हितग्राहियों को वितरित किए। हितग्राहियों को अन्य योजनाओं में हितलाभ भी वितरित किया गया। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में सबसे पहले लाड़ली लक्ष्मी योजना बनाई गई और बेटियों को उनके जन्म के समय 30 हजार रूपये का बचत-पत्र खरीद कर दिए जाने लगा। इसमें समय-समय पर उन्हें पढ़ाई के लिए राशि मिलती है और 21 वर्ष की आयु पूरी होने पर उन्हें एक लाख रूपये एकमुश्त मिलते हैं। आज मध्यप्रदेश में 44 लाख से अधिक लाड़ली लक्ष्मी हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि बहनों को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने के लिए मध्यप्रदेश में पंचायत और स्थानीय निर्वाचन में 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। इसके परिणामस्वरूप आज ग्राम पंचायतों से लेकर जिला पंचायतों तक मेरी बहनें सरकार चला रही हैं। जमीन, जायदाद बहनों के नाम से करने पर रजिस्ट्री शुल्क 1 प्रतिशत ही लिया जाता है। पुलिस और शिक्षकों की भर्ती में भी बेटियों को आरक्षण दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि सिवनी क्षेत्र के लिए की गई लगभग सभी माँगों को पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले के कुछ गाँव पीने के पानी पहुँचने से छूट गए हैं, उन सभी को जल जीवन मिशन में शामिल किया जाएगा। जिले के लाल माटी क्षेत्र में सिंचाई के पानी की व्यवस्था के लिए सर्वे कर समाधान किया जाएगा। मुख्यमंत्री चौहान ने कार्यक्रम का शुभारंभ कन्या-पूजन, दीप प्रज्ज्वलन और जन-नायकों के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। केवलारी क्षेत्र की बहनों ने अपने भईया शिवराज को लिखी पाती और श्रीराम दरबार की प्रति-कृति भेंट की। मुख्यमंत्री चौहान ने सम्मेलन में बड़ी संख्या में आयीं बहनों का पुष्प-वर्षा कर स्वागत किया। केंद्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि देश के इतिहास में पहली बार किसी सरकार ने महिलाओं के कल्याण के लिए मुख्यमंत्री लाड़ली बहना जैसी योजना संचालित की हैं। उन्होंने कहा कि लाड़ली बहना योजना निश्चित रूप से प्रदेश की महिलाओं की आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति को सशक्त करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। विधायक राकेश पाल ने बहुउद्देश्यीय परियोजना भीमगढ़ नहर की स्वीकृति मिलने पर मुख्यमंत्री चौहान का धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि नहर का सीमेंटीकरण हो जाने से आखरी छोर तक के किसानों को समय पर सिंचाई के लिये पानी मिल सकेगा और पानी का अपव्यय भी कम होगा। कार्यक्रम में एमएसएमई मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा, जन-प्रतिनिधि, अधिकारी सहित बड़ी संख्या में बहने और नागरिक उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को सिवनी के केवलारी में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना महासम्मेलन में लाड़ली बहनों ने धन्यवाद पत्र एकत्र कर भेंट किये।

खराब मौसम के चलते नहीं हो सकी सीएम शिवराज की जबलपुर सभा

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की गुरुवार को जबलपुर में सभा होने थी, सीएम वहां लाड़ली बहना योजना को लेकर कार्यक्रम करने वाले थे, इसके अलावा करोड़ों रुपये के शिलान्यास व लोकार्पण कार्यक्रम भी होने थे, लेकिन खराब मौसम के चलते मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का जबलपुर दौरा निरस्त कर दिया गया। वहीं सिवनी में भी मौसम की खराबी के चलते मुख्यमंत्री का कार्यक्रम तय समय से पहले समाप्त करना पड़ गया। वहां बारिश शुरू होते ही पब्लिक मैदान छोडक़र जाने लगी।

Back to top button