मध्य प्रदेश

10 जून को लाड़ली बहनों के खातों में एक-एक हजार रुपये डालेंगे मुख्यमंत्री

भाजपा महिला मोर्चा हेल्पडेस्क बनाकर महिलाओं को दिलाएगा योजना का लाभ

भोपाल। मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा शुरू की गई लाडली बहना योजना में आगामी 10 जून को मुख्यमंत्री एक करोड़ 25 लाख बहनों के खातों में पहली किस्त एक-एक हजार रुपये डालेंगे। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा प्रदेशभर में हेल्पडेस्क बनाकर योजना की पात्र बहनों को पात्रता पत्र वितरित करने में सहयोग करेगा। साथ ही छूटी हुई बहनों को योजना का लाभ दिलाएगा। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं महिला मोर्चा की प्रदेश प्रभारी सीमा सिंह ने रविवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में पत्रकारवार्ता में यह जानकारी दी।

लाडली बहना योजना शुरू करने के लिए मुख्यमंत्री को बधाई देते हुए सीमा सिंह ने कहा कि सरकार कोई अच्छा काम करती है तो कांग्रेस को चालाकी सूझती है। मप्र की राजनीति में इन दिनों महिलाएं केन्द्र में हैं। शिवराज सरकार ने लाडली बहना योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की विवाहित, तलाकशुदा, विधवा महिलाओं को एक हजार रुपए महीना देने जा रही है। कांग्रेस ने इसका काट खोजने के लिए नारी सम्मान योजना की घोषणा की है, जिसका कोई आधार नहीं है। आधार कार्ड का हो सकता है दुरुपयोग –
उन्होंने कहा, कांग्रेस ने घोषणाएं तो बहुत की हैं। अभी वह आधार कार्ड जमा कर रहे हैं। उन्होंने आधार कार्ड ले लिया और बोल दिया कि हम आपका कार्ड लिंक कर देंगे। लेकिन कांग्रेस प्रदेश की महिलाओं को साइबर क्राइम की तरफ धकेल रही है। उनका आधार कार्ड, मोबाइल नंबर लिया गया है, जिसका दुरुपयोग भी हो सकता है। पत्रकार वार्ता में महिला मोर्चा की प्रदेश मीडिया प्रभारी नेहा बग्गा, मोर्चा की जिला अध्यक्ष वंदना जाचक भी उपस्थित थीं।

Back to top button