मध्य प्रदेश

करोड़ों के फर्जीवाड़े के आरोपी पूर्व बिशप पीसी सिंह के खिलाफ आज कोर्ट में पेश होगा चालान

पीसी सिंह और उनके सहयोगी के खिलाफ ईओडब्ल्यू ने तैयार किया 8000 पन्नों को चालान

भोपाल। जबलपुर की शैक्षणिक संस्थाओं की राशि के दुरुपयोग तथा मिशन की सम्पत्ति में करोड़ों का फर्जीवाड़ा करने के आरोप में जेल में बंद पूर्व बिशप पीसी सिंह के खिलाफ ईओडब्ल्यू आज सोमवार को चालान पेश करेगी। ईओडब्ल्यू ने पूर्व बिशप पीसी सिंह और उनके सहयोगी सुरेश जैकब के खिलाफ 8000 पन्नों का चालान तैयार किया है।
ईओडब्ल्यू के उप पुलिस अधीक्षक स्वर्ण सिंह धामी ने बताया कि कोर्ट में 5 दिसंबर को पूर्व बिशप पीसी सिंह और उनके सहयोगी सुरेश जैकब के खिलाफ चालान पेश किया जाएगा। चालान 8000 से अधिक पन्नों का है। पूर्व बिशप के ट्रस्ट से उनकी बेटी प्रियंका के खाते में राशि भेजी गई है। पूछताछ के लिए उनकी बेटी को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। प्रियंका ने हैदराबाद में रहकर एमबीबीएस का कोर्स किया था। एमबीबीएस कोर्स में लगभग 5 करोड़ रुपये व्यय हुए हैं।
ज्ञात हो, ईओडब्ल्यू की टीम ने 8 सितंबर को क्राइस्ट चर्च के तत्कालीन बिशप पीसी सिंह के नेपियर टाउन जबलपुर स्थित कार्यालय तथा घर में दबिश दी थी। इसमें 80 लाख का सोना, 1 करोड़ 65 लाख रुपये नकद, 48 बैंक खाते, 18352 यूएस डॉलर, 118 पांउड, 9 लग्जरी गाड़ियां, 17 संपत्तियों के दस्तावेज मिले थे। छापे के दौरान पीसी सिंह देश के बाहर था। बाद में उसे विदेश से लौटने पर ईओडब्ल्यू ने उसे नागपुर एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया था। ईओडब्ल्यू की जांच में पता चला कि उनके परिवार के सदस्यों के नाम पर बैंक में साढे़ 6 करोड़ रुपये जमा थे। इसके अलावा पीसी सिंह ने मिशन कंपाउंड स्थित बेशकीमती जमीन खुद के नाम आधे दामों में खरीदी थी। बिशप रहते हुए पीसी सिंह इस जमीन का विक्रेता बना और क्रेता भी स्वयं बना था।
ईओडब्ल्यू की जांच में ये भी पता चला कि पीसी सिंह के खिलाफ देशभर के अलग-अलग राज्यों में 60 मामले दर्ज हैं। यह भी उजागर हुआ कि उसने फर्जी तरीके से संस्था का रजिस्ट्रेशन करवाकर मिशनरी स्कूलों पर कब्जा कर लिया था। साथ ही मिशनरी स्कूल की जमीन अपने ट्रस्ट के नाम पर दर्ज करवा ली थी। ईओडब्ल्यू ने प्रकरण में पीसी सिंह की पत्नी नीरू सिंह, खास राजदार सुरेश जैकब, बेटा पीयूष को भी आरोपी बनाया है। इसके अलावा मिशन व शैक्षणिक संस्था से जुडे अन्य सदस्य भी ईओडब्ल्यू के रडार में हैं। पूर्व बिशप के ट्रस्ट से उनकी बेटी प्रियंका के खाते में नियम विरुद्ध तरीके से राशि भेजी गई है। प्रियंका ने हैदराबाद में रहकर एमबीबीएस का कोर्स किया था। इस कोर्स में लगभग 5 करोड़ रुपये व्यय हुए हैं। ईओडब्ल्यू द्वारा पूछताछ के लिए उनकी बेटी को नोटिस जारी किए जा रहे हैं।

Back to top button