मध्य प्रदेश

राहुल के साथ चल रही महिला के पैरों में पड़े छाले…:कांग्रेस की पदयात्रा में एमपी की 2 महिला समेत 7 नेता …

कांग्रेस नेता राहुल गांधी कन्याकुमारी से कश्मीर तक 3500 हजार किमी भारत जोड़ो यात्रा कर रहे हैं। मप्र की 2 महिला समेत 7 नेता उनके साथ हैं। इन नेताओं ने अपने अनुभव बताते हुए कहा है कि पैरों में छाले पड़ गए, नाखून उखड़ गए, लेकिन हम रुके नहीं। जैसे गांधी जी ने दांडी यात्रा कर देश को आजादी दिलाई थी, उसी प्रकार राहुल जी की यह यात्रा भारत में फैली नफरत को खत्म कर प्यार का वातावरण बनाएगी। इन नेताओं का दावा है कि लोगों का प्रेम देखकर उत्साह बढ़ता जा रहा है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का आज 46वां दिन है। 7 सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई यात्रा अब तक 1250  किलोमीटर का सफर तय कर चुकी है। इस यात्रा में मध्यप्रदेश के 7 नेता भी राहुल गांधी के साथ चल रहे हैं। इसमें महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष नूरी खान, महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय समन्वयक प्रतिभा रघुवंशी, संगीता काकरिया, पीसीसी डेलिगेट सचिन द्विवेदी, मप्र यूथ कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता राहुल इनानिया, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अजय भाई पटेल, सीहोर जिले के जिला पंचायत सदस्य विजेंद्र उइके शामिल हैं।

मप्र में भारत जोड़ो यात्रा के समन्वयक और विधायक पीसी शर्मा के अनुसार राहुल गांधी की इस यात्रा में मप्र से 5 उप यात्राएं जुड़ेंगी, जिसमें हर विधानसभा क्षेत्र से कार्यकर्ता यह यात्राएं निकालेंगे। श्री शर्मा के अनुसार खंड़वा, इंदौर, उज्जैन, आगर मालवा में ये सभी उपयात्राएं भारत जोड़ो यात्रा में जुड़ेंगी। इन उप यात्राओं की जिम्मेदारी कांग्रेस के नेताओं को दी गई है और जिला प्रभारी बनाए गए हैं। विधायक और पूर्व विधायक, विधानसभा प्रत्याशी, कांग्रेस पदाधिकारी और स्थानीय कार्यकर्ता इन यात्राओं में शामिल होंगे। भारत जोड़ो यात्रा के उज्जैन पहुंचने पर बड़ा कार्यक्रम होगा।

बालाघाट से शुरू होने वाली उपयात्रा सिवनी, छिंदवाड़ा, बैतूल हरदा होते हुए खंडवा में भारत जोड़ो यात्रा में जुड़ेंगी। बड़वानी से खरगोन तक आएगी और उपयात्रा में जुड़ जाएगी। महाकौशल क्षेत्र के अनूपपुर से शुरू होने वाली उपयात्रा डिंडोरी, मंडला, जबलपुर, नरसिंहपुर, होशंगाबाद, सीहोर, देवास होते हुए इंदौर में भारत जोड़ो यात्रा से जुड़ेगी। वहीं, अलीराजपुर से शुरू होकर झाबुआ, धार होते हुए इंदौर में जुड़ेगी। शहडोल से उपयात्रा शुरू होकर उमरिया, कटनी, दमोह, सागर, रायसेन, सीहोर, शाजापुर होते हुए उज्जैन में जुड़ेगी। इसी प्रकार भोपाल से प्रारंभ हुई उपयात्रा सीहोर, कुरावर, पचोर, खुजनेर, नलखेड़ा होते हुए सुसनेर में जुड़ेगी। जावद (नीमच) से शुरू हुई यात्रा मल्हारगढ़, मंदसौर, रतलाम, खाचरोद होते हुए उज्जैन में जुड़ेगी। भानपुरा (मंदसौर) से शुरू हुई यात्रा भी सुवासरा, महिदपुर होकर उज्जैन में जुड़ेगी। विंध्य, बुन्देलखंड की उपयात्राएं भी आगर-मालवा में जुड़ेंगी। वहीं सिंगरौली से सीधी, रीवा, सतना पन्ना, छतरपुर तक,  निवाड़ी, ओरछा, टीकमगढ़, छतरपुर तक और छतरपुर से सागर, विदिशा, राजगढ़ होते हुए आगर मालवा में ये यात्रा जुड़ेंगी। चंबल क्षेत्र में भिंड, दतिया से शिवपुरी, मुरैना से ग्वालियर, शिवपुरी, श्योपुर से शिवपुरी फिर शिवपुरी से अशोकनगर, गुना, राजगढ़ होकर आगर मालवा में ये यात्रा भी जुड़ेगी।

यात्रा समन्वयक पीसी शर्मा ने बताया कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा बुरहानपुर से मप्र में 20 नवंबर को प्रवेश कर सकती है। हालांकि, फाइनल डेट अभी तय नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि मप्र के 52 जिलों में कांग्रेस की भारत जोड़ो की उपयात्राएं 35 दिन में 6021 किलोमीटर  का सफर तय करेंगी। यह उपयात्राएं बाद में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में समाहित हो जाएंगी। यह प्रदेश के सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में भी जाएंगी।

Back to top button