मध्य प्रदेश

भाजपा का बूथ विजय संकल्प अभियान आज से : 6 हजार स्थानों पर हो रहा कार्यक्रम

प्रदेश प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रदेश संगठन महामंत्री ने बैठक को किया संबोधित

भोपाल। भाजपा के 4 से 14 मई के बीच चलने वाला बूथ विजय संकल्प अभियान प्रदेश के 6 हजार स्थानों पर आयोजित किया जा रहा है। अभियान को लेकर बुधवार को प्रदेश कार्यालय में वर्चुअल बैठक हुई। बैठक को प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने प्रदेश पदाधिकारी, जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष एवं कार्यक्रम प्रभारियों की वर्चुअल बैठक को संबोधित किया।

प्रदेश में भाजपा की महाविजय के लिए मील का पत्थर साबित होगा अभियान

प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि बूथ विजय संकल्प अभियान ऐतिहासिक है। यह अभियान प्रदेश में भाजपा के महाविजय के लिए मील का पत्थर साबित होगा। पार्टी ने पूर्व में कुशाभाऊ जन्म शताब्दी वर्ष में बूथ विस्तारक अभियान और बूथ विस्तारक अभियान-2 चलाया था। बूथ पर एक बार फिर आयोजित बूथ विजय संकल्प अभियान से बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं में टीम भावना का निर्माण होगा। कार्यकर्ता प्रशिक्षित होकर जनता के बीच पहुंचकर पार्टी के जनाधार को और मजबूत करेंगे।

78 प्रतिशत स्थानों पर बन चुके हैं पन्ना प्रमुख और अर्ध पन्ना प्रमुख 

वहीं, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रदेश के 78 प्रतिशत स्थानों पर पन्ना प्रमुख, अर्ध पन्ना प्रमुख बन चुके है। प्रदेश के 6 हजार स्थानों पर प्रत्येक 10 बूथ का एक कलस्टर बनाकर यह कार्यक्रम आयोजित होगा। इस दौरान केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं से समाज में आए परिवर्तन पर विस्तार से चर्चा होगी। कार्यकर्ताओं के लिए वैचारिक सत्र के साथ कबड्डी, सितोलिया, रस्सा खीच, खो-खो, रस्सी कूद सहित स्थानीय खेलों का आयोजन भी होगा। इस अभियान से पार्टी के 51 प्रतिशत वोट शेयर के लक्ष्य को प्राप्त करने में सफलता मिलेगी। प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल ने कहा कि कार्यक्रम की तिथि, स्थान और वक्ता पूर्व नियोजित होगा। वक्ता तय बिन्दु पर ही प्रशिक्षण देंगे। सभी प्रकार के कार्यक्रमों की रिपोटिंग संगठन एप के माध्यम से की जायेगी। सोशल मीडिया पर चित्र और वीडियो भी साझा की जायेगी। कार्यक्रम में शामिल होने वाले अपेक्षित और उपस्थित लोगों की जानकारी संगठन एप द्वारा पंजीयन किया जायेगा।

Back to top button