मध्य प्रदेश

सत्ता व संगठन से नाराज हैं भाजपा कार्यकर्ता, वरिष्ठ नेताओं के फीडबैक पर मंथन

दिनभर चली बैठकों में नाराज कार्यकर्ताओं को मनाने पर फोकस, मप्र भाजपा की कोर ग्रुप, संभाग प्रभारी एवं प्रदेश पदाधिकारियों की बैठकें हुई आयोजित

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को दिनभर बैठकों का आयोजन हुआ। संभाग प्रभारी, वरिष्ठ पदाधिकारी के बाद भाजपा मप्र कोर कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया। कोर समिति बैठक में प्रदेश पर में घूमकर फीडबैक लाए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की रिपोर्ट पर मंथन हुआ। रिपोर्ट में पार्टी कार्यकर्ता खासतौर पर संगठन के पुराने व वरिष्ठ कार्यकर्ता सत्ता व संगठन की कार्यप्रणाली से खासे नाराज बताए जा रहे हैं। इसमें मंत्री, विधायक से लेकर पार्टी जिलाध्यक्ष तक शामिल हैं। बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करने पर फोकस किया गया।
भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को सुबह 10 बजे से संभाग प्रभारियों की बैठक का आयोजन किया गया। इसमें राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने संभाग प्रभारियों से जिलेवार संगठन गतिविधियों की रिपोर्ट ली। इसके बाद 11 बजे से पार्टी पदाधिकारियों के साथ वरिष्ठ नेताओं ने चर्चा की। बाद में अपरान्ह 4 बजे से मप्र भाजपा कोर कमेटी की प्रमुख बैठक हुई। बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्रीद्वय नरेंद्र सिंह तोमर एवं कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, संसदीय बोर्ड के सदस्य सत्यनारायण जटिया, जयभान सिंह पवैया, डॉ नरोत्तम मिश्रा, भूपेंद्र सिंह, हितानंद आदि प्रमुख रूप से शामिल हुए। बैठक में पार्टी के 14 वरिष्ठ नेताओं से मिले फीडबैक पर भी मंथन हुआ। जिसमें मंत्री, विधायक, पार्टी जिलाध्यक्षों के प्रति कार्यकर्ताओं की नाराजगी की रिपोर्ट मिली है। रिपोर्ट के सिलसिले में आगामी समय में पार्टी मंत्री, विधायकों को तलब कर सकती है। बैठक में नाराजगी दूर करने और मंत्री, विधायकों की कार्यप्रणाली में सुधार पर भी चर्चा हुई।
25 सितंबर को भोपाल में कार्यकर्ता महाकुंभ आयोजित करेगी भाजपा
भाजपा प्रत्येक 5 वर्ष में कार्यकर्ता महाकुंभ का आयोजन करती है। आगामी 25 सितंबर को भोपाल में कार्यकर्ता महाकुंभ का आयोजन किया जायेगा। यह जानकारी पार्टी के प्रदेश महामंत्री सरदेन्दू तिवारी ने मंगलवार को मीडिया से चर्चा में दी। इस दौरान पार्टी के प्रदेश महामंत्री एवं प्रदेश कार्यालय प्रभारी भगवानदास सबनानी उपस्थित थे। तिवारी ने कहा कि आज कोर ग्रूप, संभाग प्रभारी एवं प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक प्रदेश कार्यालय में हुई। बैठक में संगठन विस्तार को लेकर व्यापक चर्चा हुई। 30 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम का 100 वां एपीसोड को प्रत्येक बूथ पर आयोजित किया जायेगा, जिसमें मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष से लेकर सभी वरिष्ठ नेता सहित 100 कार्यकर्ता हर बूथ पर रहेंगे। बैठक में 5-6 महीने का आगामी कैलेंडर, केंद्र सरकार और राज्य सरकार की योजनाओं को घर-घर ले जाना, लाडली बहना योजना सहित अन्य विषयों को लेकर बैठक में विस्तार से चर्चा हुई।

Back to top button