राजस्थान

‘बीजेपी के लोग अंग्रेजों की मुखबिरी किया करते थे’, सीएम गहलोत बोले- एक नाम बता दो जिसने आजादी की जंग में भाग लिया हो …

कोटा । मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भारत जोड़ो यात्रा की तैयारियों को लेकर कोटा सर्किट हाउस कार्यकर्ताओं की बैठक ली। बैठक में मंत्री शांति धारीवाल, परसादी लाल मीणा, विधायक भरत सिंह, रामनारायण मीणा सहित कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

इस दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा आज जो देश में माहौल बना है वो लोकतंत्र के लिए उचित नहीं है। केंद्र सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आलोचना भी सहन नहीं होती। जहां जहां बीजेपी की राज्य में सरकार हैं वहां पर भी यही स्थिति है वह भी आलोचना सहन नहीं कर सकते। कई पत्रकार, साहित्यकार, लेखक जेल में बैठे हैं। यह माहौल संविधान की धज्जियां उड़ाने वाला है। राहुल गांधी, महंगाई, बेरोजगारी, संविधान की रक्षा करना, लोकतंत्र की मजबूती के उद्देश्य को लेकर यात्रा पर है।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की यात्रा से कोई भी जुड़ सकता है चाहे वो सामाजिक संस्था हो, एनजीओ हो, जिनके विचार राहुल गांधी से मिलते हो। चाहे वो बीजेपी, आरएसएस के लोग की क्यों ना हो। वह भी अगर आना चाहे तो उनसे मना नहीं कर सकते। राहुल गांधी की यात्रा से बीजेपी परेशान व चिंतित है। इसलिए मीडिया के माध्यम से भी यात्रा को डैमेज करने का प्रयास कर रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा कि डरो मत उसके भी अपने मायने हैं। जो हालात हैं, उनको राहुल गांधी देश के अंदर रिप्रेजेंट कर रहे हैं। देश ही नही, दुनिया इस यात्रा को देख रही है।

गहलोत ने कहा कि मोदी कहते थे कि कांग्रेस मुक्त भारत बनाएंगे। तभी मैं कहता था वो खुद मुक्त हो जाएंगे, लेकिन देश से कांग्रेस कभी मुक्त नहीं होगी। बीजेपी आज सत्ता में जरूर है। लेकिन राष्ट्रीय पार्टी के रूप में नहीं, जिस रूप में कांग्रेस है। नार्थ ईस्ट में उनको पूछने वाला कोई नहीं है, वहां तोड़फोड़ जरूर करते हैं। साउथ में कर्नाटक को छोड़कर कहीं नहीं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का मुकाबला कोई नहीं कर सकता। कांग्रेस की नीति, कार्यक्रम, सिद्धांत, प्रिंसिपल प्रोग्राम, पॉलिसी गांधी जी की दिए हुए है। उसी राह पर देश चलता आ रहा है। त्याग, बलिदान, कुर्बानी हुई है तो कांग्रेस के झंडे के नीचे हुई है। आजादी के पहले भी, आजादी के बाद में भी। कांग्रेस के पास एक ऐसा इतिहास है जो किसी के पास नहीं। बीजेपी के बारे में क्या बात करें। ना आजादी की जंग में भाग लिया, यह लोग तो उस जमाने में अंग्रेजों की मुखबिरी किया करते थे। ये सब जानते हैं। एक भी नाम बता दो जिसने आजादी की जंग में भाग लिया हो। यह लोग हकीकत में मुखबिरी करते थे। इसलिए कांग्रेस का मुकाबला कोई नहीं कर सकता। देश का व कांग्रेस का डीएनए एक सा है।

Back to top button