नई दिल्ली

उपराष्ट्रपति चुनाव में BJP कैप्टन अमरिंदर सिंह को बना सकती है उम्मीदवार ….

नई दिल्ली। BJP पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह को उप-राष्ट्रपति चुनाव के लिए एनडीए का उम्मीदवार बना सकती है। कैप्टन ने विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस पार्टी छोड़ दी थी। अब खबर यह भी आ रही है कि उन्होंने जो अपनी पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस का गठन किया था, उसकी भी भगवा खेमे में विलय करने की तैयारी चल रही है।

कैप्टन अमरिंदर सिंह ने 2022 का पंजाब विधानसभा चुनाव भाजपा और सुखदेव सिंह ढींडसा के नेतृत्व वाले शिरोमणि अकाली दल के साथ गठबंधन में लड़ा था। हालांकि, इस चुनाव में उन्हें करारी हार का सामना करना पड़ा। नई नवेली आम आदमी पार्टी ने प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाई।

उपराष्ट्रपति पद के लिए 6 अगस्त को चुनाव होना है। वर्तमान उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू का कार्यकाल 10 अगस्त को समाप्त हो रहा है। इस चुनाव में लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य वोट डालते हैं। भाजपा के लिए यह लड़ाई काफी आसान है। दोनों सदन मिलाकर भगवा खेमे का पास पूर्ण बहुमत है।

उपराष्ट्रपति उम्मीदवार के लिए और भी कई नाम चल रहे हैं। इनमें मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी भी शामिल हैं। जल्द ही किसी एक नाम पर बीजेपी का शीर्ष नेतृत्व और संसदीय बोर्ड मुहर लगा सकता है। बीजेपी के सूत्रों का कहना है कि राष्ट्रपति कैंडिडेट की तरह यह नाम भी चौकाने वाला हो सकता है।

आपको बता दें कि कैप्टन अमरिंदर सिंह इस समय लंदन में हैं। वह वहां अपनी रीढ़ की सर्जरी के बाद स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।

पंजाब भाजपा के वरिष्ठ नेता हरजीत सिंह ग्रेवाल ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि अमरिंदर सिंह लंदन से लौटने के बाद अपनी पंजाब लोक कांग्रेस का भाजपा में विलय कर सकते हैं। ग्रेवाल ने दावा किया है कि कैप्टन ने लंदन जाने से पहले अपनी पार्टी का भाजपा में विलय करने की इच्छा व्यक्त की थी। उन्होंने यह भी कहा कि कैप्टन अपनी वापसी पर विलय की घोषणा करेंगे।

 

Back to top button