मध्य प्रदेश

मध्यप्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: आरोपों से घिरी आयुक्त को बनाया रीवा का कलेक्टर

कौशलेन्द्र विक्रम होंगे भोपाल कलेक्टर, हर्षिका सिंह बनी इंदौर निगम आयुक्त

भोपाल। विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रशासनिक अफसरों के कार्यभार में सोमवार को बड़ा बदलाव हुआ। छह कलेक्टर बदल दिए। भोपाल कलेक्टर अविनाश लवानिया के स्थान पर कौशलेंद्र विक्रम सिंह को कलेक्टर बनाया गया है। इंदौर नगर निगम की आयुक्त प्रतिभा पाल को रीवा कलेक्टर बनाया गया है। मंडला कलेक्टर हर्षिका सिंह अब इंदौर नगर निगम आयुक्त होंगी।

राज्य सरकार ने सोमवार को 19 आइएएस अधिकारियों के तबादले किए। जारी सूची के अनुसार भोपाल कलेक्टर अविनाश लवानिया को मध्य प्रदेश जल निगम का प्रबंध संचालक बनाया गया है। मुख्यमंत्री कार्यालय में अपर सचिव कौशलेंद्र विक्रम सिंह भोपाल कलेक्टर होंगे। प्रतिभा पाल को इंदौर में निगम की लापरवाही के चलते गई 36 लोगों की जान के मामले में कार्रवाई के बजाय रीवा जैसे महत्वपूर्ण जिले की जिम्मेदारी दे दी गई। रीवा कलेक्टर मनोज पुष्प अब महिला एवं बाल विकास विभाग के उपसचिव होंगे। वहीं, शाजापुर कलेक्टर दिनेश जैन को नीमच का कलेक्टर बनाया गया है। नीमच के कलेक्टर मयंक अग्रवाल को  दमोह कलेक्टर बनाया गया है।दमोह कलेक्टर एस कृष्ण चैतन्य अब रोजगार गारंटी परिषद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी होंगे। सूफिया फारूकी वली को हाथकरघा निगम का प्रबंध संचालक बनाया गया है।

इसी प्रकार झाबुआ कलेक्टर रजनी सिंह को अपर आयुक्त वाणिज्यिक कर इंदौर, नगर निगम ग्वालियर के आयुक्त किशोर कान्याल को शाजापुर कलेक्टर, अपर आयुक्त वाणिज्यिक कर इंदौर तन्वी हुड्डा को कलेक्टर झाबुआ, जबलपुर जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी डा.सलोनी सिडाना को कलेक्टर मंडला, सीहोर जिला पंचायत के सीईओ हर्ष सिंह को नगर निगम आयुक्त ग्वालियर, ग्वालियर जिला पंचायत के सीईओ आशीष तिवारी को सीईओ जिला पंचायत सीहोर, अपर कलेक्टर ग्वालियर जयति सिंह को सीईओ जिला पंचायत जबलपुर, सीईओ जिला पंचायत बालाघाट विवेक कुमार को सीईओ जिला पंचायत ग्वालियर, उप सचिव विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी हरसिमरनप्रीत कौर को मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत आगर मालवा और एसडीएम महू अक्षत जैन को एसडीएमराजनगर छतरपुर पदस्थ किया गया है।

Back to top button