मध्य प्रदेश

श्योपुर में मेडिकल कॉलेज का भूमिपूजन, शिवराज बोले- विकास का रंग बरस रहा है, श्योपुर में शिवराज को महिलाओं ने ‘लाड़ली बहना’ राखी बांधी

सीएम ने किया श्योपुर में मेडिकल कॉलेज भवन, मूंझरी वृहद सिंचाई परियोजना का शिलान्यास और चंबल सूक्ष्म सिंचाई परियोजना का लोकार्पण

भोपाल/ग्वालियर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को कहा कि आज रंगपंचमी है। रंगपंचमी के दिन श्योपुर की इस पवित्र धरती पर विकास का रंग बरस रहा है। यह विकास, जनकल्याण और गरीबों के उत्थान का रंग अगर बरस रहा है तो वह सिर्फ और सिर्फ भाजपा की सरकार के कारण बरस रहा है। भाजपा की सरकार ने एक दिन में इतने विकास कार्य किए हैं कि दूसरी सरकारों ने कभी नहीं किए होंगे।

लाड़ली बहना योजना लागू करने के लिये मुख्यमंत्री को श्योपुर की बहनों ने 51 फीट लंबी राखी भेंट की

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को श्योपुर में 258 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे मेडिकल कॉलेज और 414.79 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित मूझरी डैम परियोजना का भूमिपूजन किया। साथ ही 167.58 करोड़ रुपये की लागत की सूक्ष्म सिंचाई परियोजना का लोकार्पण भी किया। इस दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, मंत्री तुलसी सिलावट और प्रभारी मंत्री भारत सिंह कुशवाह सहित अन्य मंत्री और विधायक भी मौजूद थे।

श्योपुर में मेडिकल कॉलेज भवन, मूंझरी वृहद सिंचाई परियोजना का शिलान्यास और चंबल सूक्ष्म सिंचाई परियोजना के लोकार्पण समारोह को संबोधित करते मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान।

सीएम बोले- जो पिछड़ गए, उन्हें पैसे की कमी नहीं आएगी

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रिमोट दबाकर महत्वपूर्ण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। शिवराज ने कहा कि मेडिकल कॉलेज, बड़ी रेलवे लाइन, सिंचाई परियोजना सहित तमाम काम हमारी सरकार कर रही है। अगर मैं गिनाने लग जाऊं तो शाम हो जाएगी, फिर भी गिना नहीं सकूंगा। हमारी सरकार ने इतना विकास किया है, जितने विकास की कल्पना किसी ने स्वप्न में भी नहीं की होगी। विकास के यह काम श्योपुर में लगातार चलेंगे। विकास के दौर में जो जिले पीछे रह गए हैं, उन्हें पैसे की कमी नहीं आने देंगे।

श्योपुर में मेडिकल कॉलेज भवन, मूंझरी वृहद सिंचाई परियोजना का शिलान्यास और चंबल सूक्ष्म सिंचाई परियोजना के लोकार्पण समारोह को संबोधित करते मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान।

शिवराज सिंह ने कहा- लाड़ली लक्ष्मी से लखपति बनाया, अब बहनों की चिंता

शिवराज ने कहा कि पहले बहन और बेटी भेदभाव का शिकार होती थी। हमने लाड़ली लक्ष्मी योजना बनाई और 40 लाख लाडली लक्ष्मी को हमने लखपति बना दिया। गरीब बेटी की शादी की चिंता न करें, इसके लिए शादी की जिम्मेदारी मामा ने की है। हमारी सरकार ने महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देकर उन्हें हर क्षेत्र में अच्छे पदों पर पहुंचाने का काम किया है। अब हमने लाड़ली बहना योजना बनाई है। बहना जो लिखकर देगी, वह आमदनी के तौर पर उसे स्वीकार करेंगे। जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट तथा उद्यानिकी एवं खाद्य प्र-संस्करण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भारत सिंह कुशवाह ने भी संबोधित किया।

सीएम शिवराज सिंह ने एमपी में जन-जन में विकास और विश्वास की अमिट छाप छोड़ी : सिंधिया

केंद्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मध्यप्रदेश में जन-जन में विकास और विश्वास की अमिट छाप छोड़ी है। उन्होंने कहा कि रंगपंचमी का दिन श्योपुर के लिए अविस्मरणीय है। आज जिले के विकास के लिये एक हजार करोड़ रूपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन हुआ है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आज अन्नदाताओं को सिंचाई के क्षेत्र में 2 बड़ी सौगातें दी हैं। एक का लोकार्पण तो दूसरे का भूमि-पूजन हुआ है, इससे क्षेत्र की तकदीर और तस्वीर बदल जायेगी। केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने श्योपुर के विकास और अपने जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि श्रीमंत माधो महाराज ने आवदा डेम के साथ ही 100 वर्ष पहले नैरोगेज ट्रेन की सुविधा श्योपुर को दी थी। वर्तमान में आवश्यकता और अपेक्षाएँ बदलने पर केंद्रीय मंत्री श्री तोमर के साथ संयुक्त प्रयासों से इस क्षेत्र को ब्राडगेज रेल से जोड़ा जा रहा है। प्रथम चरण में ब्राडग्रेज रेल परियोजना में ग्वालियर से श्योपुर को और दूसरे चरण में श्योपुर से कोटा को जोड़ा जायेगा। प्रथम चरण का कार्य प्रगति पर है।

अब अग्रणी जिले के रूप में पहचाना जाने लगा है श्योपुर जिला : नरेंद्र सिंह तोमर

केंद्रीय कृषि एवं किसान-कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि श्योपुर के लिए आज का दिन ऐतिहासिक है। श्योपुर दूरस्थ एवं पिछड़ा जिला है, लेकिन मुख्यमंत्री श्री चौहान के नेतृत्व में सडकें, विद्युतीकरण, सिंचाई, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र का विस्तार हुआ है। श्योपुर जिला अब अग्रणी जिले के रूप में पहचाना जाने लगा है। उन्होंने कहा कि श्योपुर में मेडिकल कॉलेज होगा, यह किसी ने सोचा भी नहीं था। आज मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कॉलेज भवन की आधारशिला रखी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को श्योपुर मेडिकल कॉलेज के लिए 258 करोड़ रूपये की राशि प्रदान करने के लिये धन्यवाद दिया। श्री तोमर ने कहा कि श्योपुर में अब विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी नही रहेगी। लोगों को उपचार के लिए ग्वालियर, कोटा, सवाई माधोपुर, जयपुर और बांरा जाने की जरूरत नहीं होगी। श्योपुर अब डॉक्टर बनने की फैक्ट्ररी बन जायेगा। यहाँ से डॉक्टरी पढ़ कर निकलने वाले चिकित्सक देश में अपनी सेवाएँ प्रदान करेंगे। केंद्रीय मंत्री श्री तोमर ने मूंझरी डेम के लिये मुख्यमंत्री श्री चौहान को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि इस डेम को 2017 में ही स्वीकृति दे दी थी और इसका टेण्डर भी हो गया था। उन्होंने कहा कि 167 करोड़ 50 लाख रूपये की लागत की चंबल सूक्ष्म सिंचाई परियोजना से 12 हजार हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी। कूनों नदी पर बनने वाले डेम की श्रंखला में श्रीमंत माधवराव सिंधिया वृहद सिंचाई परियोजना पर भी कार्य किया जायेगा। इस परियोजना से श्योपुर, ग्वालियर, मुरैना, भिण्ड, गुना सहित अन्य जिले लाभान्वित होंगे।

देश में ही नही, अब विदेश में भी पहचान बना रहा है श्योपुर : वीडी शर्मा

खजुराहो सांसद वीडी शर्मा ने कहा कि वर्ष 2003 में श्योपुर जिले के हालात कैसे थे, उस स्थिति से हम सब अवगत है। श्योपुर की पहचान कूनों पालपुर, वीरपुर के जंगलों से होती थी। मुख्यमंत्री श्री चौहान एवं केंद्रीय मंत्रियों के नेतृत्व में अब श्योपुर, देश में ही नही, विदेश में भी पहचान बना रहा है। जिले में सिंचाई के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल हो रही हैं। मेडिकल कॉलेज से श्योपुर को एक नई दिशा मिलेगी। कूनों अभयारण्य में चीतों को बसाने की योजना ने देश-विदेश में श्योपुर को पहचान दिलाई है। यह परियोजना पर्यावरण संतुलन के क्षेत्र में भी उपयोगी है।

Back to top button