छत्तीसगढ़पेण्ड्रा-मरवाही

राम मंदिर का भूमिपूजन : हर्ष छाबरिया जाएंगे 1100 घी का दीपक जलाने रतनपुर श्रीराम जानकी मंदिर …

पेंड्रा। यूं तो राम मंदिर के भूमि पूजन के अवसर पर पूरे भारतवर्ष में उत्साह हैं और चारों ओर हर्ष व आनंद छाया हुआ है। और हो भी क्यों न 493 वर्ष बाद भगवान श्रीराम का मंदिर बनने जा रहा है। अभी तक टेंटों में रहने वाले रामदरबार अब अपने भव्य मंदिर में निवास करेंगे। हर सनातनी धर्मालंबी इसे लेकर उत्साहित हैं और आज सुबह से ही टीवी पर टकटकी लगाए बैठा है।

गौरेला पेंड्रा मरवाही में भी इसे लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। ऐसा ही उत्साह देखने को आया है पेंड्रा के प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता हर्ष छाबरिया का। जिन्होंने श्रीराम मंदिर के भूमिपूजन के अवसर पर 1100 घी के दीपक रतनपुर के श्रीराम जानकी मंदिर में जलाने का संकल्प लिया है। हर्ष छाबरिया श्रीराम मंदिर के भूमिपूजन के उपलक्ष्य में आज शाम 6 बजे रतनपुर जाकर वहाँ भव्य रूप से 1100 घी के दीपक जलाएंगे और गौरेला पेंड्रा मरवाही सहित सम्पूर्ण छत्तीसगढ़ की मंगल कामना करेंगे।

दिल्ली बुलेटिन से बात करते हुए हर्ष छाबरिया ने कहा कि सभी सनातनियों की तरह उनकी भी इच्छा थी कि अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बने। अब जब सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले के बाद वहां भूमिपूजन है तो यह हमारे लिये भी गर्व का विषय है। हर्ष छाबरिया ने कहा कि आज हमारी सांस्कृतिक व पौराणिक आजादी का दिन है। हर्ष छाबरिया ने कहा कि श्रीराम हमारे आदर्श हैं, श्रीराम हमारे आराध्य हैं, श्रीराम हमारे मार्ग दर्शक हैं। उन्होंने कहा कि भारत में राममंदिर बनने के बाद वास्तव में अब रामराज्य की परिकल्पना सिद्ध होगी।

ज्ञात हो कि हर्ष छाबरिया धार्मिक कार्यकर्ता भी हैं और वर्ष में कई बार धार्मिक अनुष्ठान व भंडारे का आयोजन करते हैं। यही नहीं हर्ष छाबरिया निर्धन व गरीब वर्ग के लोगों को उन्मुक्त हस्त से दान भी करते हैं।

Back to top button