नई दिल्ली

संजीवनी मिलने की उम्मीदों के बीच चुनाव में कांग्रेस को लग सकता है तगड़ा झटका, सर्वे से जानिए सीटों का हाल ….

नई दिल्ली। पिछले दिनों कांग्रेस पार्टी में कई अहम बदलाव देखने को मिले। सोनिया गांधी के बाद मल्लिकार्जुन खड़गे को पार्टी की कमान सौंपी गई तो वहीं, राहुल गांधी लंबे समय के लिए भारत जोड़ो यात्रा पर निकल पड़े। ऐसे में माना जा रहा था कि लगातार मिल रही हारों के बीच पार्टी को इन बदलावों से कुछ संजीवनी मिल सकती है। लेकिन हाल के उपचुनाव के नतीजों और दिल्ली नगर निगम के लिए सामने आए ओपिनियन पोल से ऐसा होता नहीं दिख रहा है। हिमाचल और गुजरात विधानसभा चुनाव के बीच हो रहे एमसीडी चुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन निराशाजनक ही रह सकता है।

ओपिनियन पोल के अनुसार, दिल्ली नगर निगम में कांग्रेस को सिर्फ 4 से 12 सीटें ही मिलने का अनुमान है। मालूम हो कि परिसीमन के बाद दिल्ली नगर निगम में कुल सीटों की संख्या 250 हो गई है। इस लिहाज से कांग्रेस को काफी कम सीटें ही मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। सर्वे में बताया गया है कि पार्टी के खाते में सिर्फ 16 प्रतिशत वोट ही जा सकते हैं। वहीं, बीजेपी, आम आदमी पार्टी के बाद तीसरे नंबर की पार्टी कांग्रेस रह सकती है।

सर्वे के अनुसार, बीजेपी को 118 से 138 वार्डों में जीत मिलने की उम्मीद है, जबकि आम आदमी पार्टी भी पिछले बार से बेहतर प्रदर्शन कर सकती है। AAP को 104-124 सीटें तक मिल सकती हैं। वहीं, वोट प्रतिशत की बात करें तो बीजेपी को 40 और आप को 42 फीसदी वोट मिलने की संभावना है।

दिल्ली नगर निगम के 250 वार्ड के लिए 4 दिसंबर को मतदान होगा। कुल 50 फीसदी वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। आरक्षित वर्ग के 42 वार्ड में 21 सीट महिलाओं के लिए हैं, जबकि सामान्य वर्ग के 208 वार्ड में 104 महिलाओं के लिए आरक्षित की गई हैं। मतदान के बाद 7 दिसंबर को मतगणना होगी। दिल्ली में इस बार 22 वार्ड कम हो गए हैं। पिछली बार के 272 वार्ड के बजाय 250 वार्ड पर चुनाव होंगे। 

Back to top button