बिलासपुर

अमर अग्रवाल समर्थक अशोक विधानी बनाए गए नगर निगम के लिए नेता प्रतिपक्ष

बिलासपुर। पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल के समर्थक पार्षद अशोक विधानी को आखिर में नगर निगम के लिए नेता प्रतिपक्ष आज तय कर दिया गया। राजेश सिंह का नाम नेता प्रतिपक्ष के लिए लिया जा रहा था लेकिन संघ का दबाव भी काम नहीं आया।

पिछले कार्यकाल में नगर निगम में सभापति रहे अशोक विधानी आखिर नेता प्रतिपक्ष बनने में सफल हो गए। भाजपा कार्यालय में आज हुई बैठक में भाजपा पार्षद दल के नेता का चयन किया गया। भाजपा के सभी दिग्गज नेताओं ने अशोक विधानी के नाम पर सहमति व्यक्त की। आज जिन लोगों ने सहमति व्यक्त की उसमें से कई राजेश सिंह को नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष बनाना चाह रहे थे। अशोक विधानी पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल के करीबी हैं और शायद इसी वजह से उनका चयन किया गया।

आज की बैठक में नगर निगम के लिए नियुक्त पर्यवेक्षक प्रेमप्रकाश पांडेय, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, सांसद अरुण साव, मस्तूरी के विधायक डॉ कृष्ण मूर्ति बांधी, बेलतरा के विधायक रजनीश सिंह, पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल, जिला भाजपा अध्यक्ष रामदेव कुमावत, हर्षिता पांडेय सहित भाजपा के कई नेता और सभी पार्षद मौजूद थे।

नगर निगम में मेयर का चुनाव हारने के बाद संघ के बड़े नेता सहित भाजपा के दिग्गज राजेश सिंह को नेता प्रतिपक्ष बनाना चाह रहे थे। राजेश सिंह युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष रहे हैं। नगर निगम में पहले भी पार्षद रह चुके हैं। लंबे समय से वे अमर अग्रवाल के साथ नहीं हैं। इसलिए शायद नेता प्रतिपक्ष चयन में अमर अग्रवाल के पसंद को तवज्जो दी गई।

Back to top button