मध्य प्रदेश

दुर्घटना: रीवा के पास नेशनल हाइवे पर बस हादसा, 15 की मौत, 40 गंभीर घायल, पहाड़ी से उतरते समय ट्रेलर से टकराई बस, जेसीबी से काटकर निकाला शवों को …

रीवा। मध्यप्रदेश के रीवा के नजदीक नेशनल हाईवे-30 पर शुक्रवार रात भीषण हादसा हो गया। बस और ट्रेलर की टक्कर में 15 यात्रियों की मौत हो गई। 40 से ज्यादा यात्री घायल हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी, तब जाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हुआ। मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है।

हादसा शुक्रवार की रात 11.30 बजे रीवा से 70 किमी दूर सोहागी पहाड़ी पर हुआ। चश्मदीदों के मुताबिक, बस पहाड़ से नीचे उतरते वक्त ट्रक से जा टकराई। हादसे के वक्त बस की रफ्तार काफी तेज थी। बस हैदराबाद से गोरखपुर जा रही थी। इसमें 55 लोग सवार थे। मरने वालों में ज्यादातर लोग उत्तरप्रदेश के बताए जा रहे हैं।

घायलों में ज्यादातर लोग मजदूर हैं। सभी दीपावली मनाने अपने घर लौट रहे थे। हादसा इतना भीषण था कि चार से ज्यादा लोग बस के अगले हिस्से में फंस गए। इन्हें जेसीबी से काटकार बाहर निकाला गया।

रीवा कलेक्टर मनोज पुष्प ने बताया कि बस के अगले हिस्से को ज्यादा नुकसान हुआ। रफ्तार ज्यादा होने से यह ट्रेलर में घुस गया। इससे बस के केबिन और फ्रंट सीट पर बैठे यात्रियों की मौत हुई है। 40 घायल यात्रियों को संजय गांधी अस्पताल (रीवा) भेजा गया है। कुछ को त्योंथर अस्पताल ले जाया गया।

उधर, एसपी नवनीत भसीन ने बताया, ‘ट्रेलर के सामने का हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हुआ है। ऐसे में आशंका है कि ट्रेलर भी आगे जा रहे वाहन से टकराया होगा। ट्रेलर ड्राइवर ने अचानक से ब्रेक लगाए होंगे, इतने में पीछे से आ रही बस ट्रेलर में घुस गई। ट्रेलर के ड्राइवर और क्लीनर मौके से फरार हो गए हैं।’ हालांकि, हादसे की वजह का पता नहीं चला है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने आज सुबह उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से फोन पर बात की। उन्हें हादसे और रेस्क्यू के बारे में जानकारी दी। CM ने कहा कि घायलों के बेहतर इलाज और मृतकों के पार्थिव शरीरों को ससम्मान प्रयागराज भेजने के निर्देश रीवा प्रशासन को दिए हैं।

उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख जताया। उत्तरप्रदेश सरकार ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक मदद का ऐलान किया है। वहीं, रीवा प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर 831970 6674 और 7049122399 जारी किया है। संबंधित परिवार फोन कर घटना के संबंध में जानकारी ले सकते हैं।

Back to top button