मध्य प्रदेश

एमपी में आप ने फूंका चुनावी बिगुल : केजरीवाल का पीएम मोदी पर हमला, कहा- पीएम कम पढ़ा-लिखा होगा, तो कोई भी बेवकूफ बना देगा

केजरीवाल बोले- उन्हें मनीष सिसोदिया दिखा, लेकिन व्यापमं नहीं दिखा, कहा- प्रदेश की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी आप, मुफ्त बिजली और इलाज का ऐलान

कैलाश गौर, भोपाल। आज मध्य प्रदेश दौरे पर आए दिल्ली के सीएम केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान ने राजधानी भोपाल स्थित दशहरा मैदान कार्यकर्ता सम्मेलन से विधानसभा चुनाव का शंखनाद किया। इस दौरान केजरीवाल ने पीएम नरेंद्र मोदी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश का प्रधानमंत्री पढ़ा-लिखा होना चाहिए। अगर कम पढ़ा-लिखा पीएम होगा, तो कोई भी उनको बेवकूफ बना देगा।

अरविंद केजरीवाल बोले- यदि हमारे देश के प्रधानमंत्री पढ़े लिखे होते तो मनीष सिसोदिया को जेल नहीं भेजते। अगर ऐसा होता, तो उन्हें पता होता कि शिक्षा कितनी जरूरी है। अगर वो देशभक्त होते, तो मनीष सिसोदिया को अपनी सरकार का शिक्षा मंत्री बना देते। पीएम के कम-पढ़े लिखे होने से उन्हें कोई भी बेवकूफ बना सकता है। उनसे किसी ने कह दिया कि नोटबंदी कर दो, भ्रष्टाचार-आतंकवाद खत्म हो जाएगा। उन्होंने नोटबंदी कर दी। पूरा देश चौपट हो गया। लाइनों में लोग मर गए। भ्रष्टाचार खत्म नहीं हुआ। केजरीवाल ने कहा कि उन्हें (पीएम को) मनीष सिसोदिया दिख गया, लेकिन व्यापमं नहीं दिखा। एमपी में व्यापमं घोटाला आजाद भारत का सबसे बड़ा घोटाला होगा। 45 लोग मर गए, परंतु पीएम ने किसी को जेल नहीं भेजा, क्योंकि सभी अपने थे। यहां महिला बाल विकास विभाग में 107 करोड़ का घोटाला हो गया। कटनी में 2200 करोड़ का हवाला कांड हुआ।

राजधानी भोपाल स्थित दशहरा मैदान कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचने पर दोनों का जोरदार स्वागत किया गया। सम्मेलन में प्रदेश भर से आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता आए हुए हैं। सीएम केजरीवाल ने जब अपना संबोधन शुरू किया, तो कार्यकर्ताओं ने उन्हें ‘I love you’ कहा, जिसके जवाब में कार्यकर्ताओं ने ‘I Love you to’ कहा। केजरीवाल ने कहा कि एमपी में चारों तरफ सिर्फ भ्रष्टाचार ही भ्रष्टाचार है। बीजेपी वाले कहते हैं हमारी पार्टी में आकर भ्रष्टाचार करो। बीजेपी में रहने से किसी एजेंसी का डर नहीं है। पुरानी फिल्मों में एक गुंडा होता था। एक ईमानदार इंस्पेक्टर को कब्जे में करने की कोशिश करता था। फिर गुंडा बुलाकर बंदूक और पैसे दिखाता था। बीजेपी भी वही कर रही है। बीजेपी कहती है- खूब भ्रष्टाचार करो, लेकिन बीजेपी में आकर। वे कहते हैं कि बीजेपी में आ जाओ या जेल जाओ। लेकिन, हमारे भ्रष्ट नेताओं के खिलाफ़ हम कार्रवाई करते हैं। हमने कभी किसी भ्रष्ट कार्यकर्ता को बचाया नहीं है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आव्हान किया कि हमें रात-दिन मेहनत कर एमपी में सरकार बनाना है। मप्र में ‘आप’ की सरकार जरूर बनेगी, लेकिन मेहनत करनी पड़ेगी। एक-एक घर में जाकर समझाना पड़ेगा। जनता को साथ लेना पड़ेगा। हमारे पास पैसा भले न हो, पर हम काम करते हैं।

बता दें कि आम आदमी पार्टी ने इस बार मध्यप्रदेश की राजनीति में सेंध लगाने की रणनीति बनाई है। यहां अब तक दो दलों बीजेपी और कांग्रेस के बीच ही टक्कर रही है। भाजपा पिछले दो दशकों में केवल 15 महीने छोड़कर अधिकतर समय सत्ता पर काबिज है।  आप ने नगरीय निकायों में पार्षद पद के लिए करीब 1500 प्रत्याशी उतारे थे, जिनमें से 40 जीते, जबकि लगभग 140 दूसरे स्थान पर रहे। पार्टी का दावा है कि गैरदलीय आधार पर हुए पंचायत चुनावों में आप समर्थित उम्मीदवारों ने जिला पंचायत सदस्यों के 10 पदों, 23 जिला सदस्यों, 103 सरपंचों और 250 पंचों के पद पर जीत हासिल की है।

केजरीवाल बोले- एमपी में इस बार विधायक नहीं बिकेंगे, आपकी सरकार बनेगी

केजरीवाल ने कहा कि मध्यप्रदेश की जनता ने अब तक बीजेपी और कांग्रेस दोनों को वोट दिया, आजादी के बाद आज तक 45 साल कांग्रेस ने राज किया। 20 साल बीजेपी ने राज किया। आपने मौका देने में कसर नहीं छोड़ी। कुछ करना होता तो कर देते, लेकिन इन्होंने बारी-बारी से लूटा। आम आदमी पार्टी को एक मौका देकर देख लो, यदि काम नहीं करूं तो अगली बार वोट मत देना। दोबारा वोट मांगने नहीं आऊंगा। केजरीवाल बोले- वोट किसी को भी दो एमपी में सरकार बीजेपी की बनती है। जनता कांग्रेस को वोट देती है, सरकार बीजेपी की बन जाती है। इस बार एमपी में ये नहीं चलने वाला है। मध्य प्रदेश में विधायक बेचे जाते हैं। यहां मेले लगाकर एमएलए बेचे जाते हैं। यहां एमएलए की खरीदी-बिक्री पर डिस्काउंट भी मिलता है। संविधान का मजाक बनाकर दिया है। इस बार विधायक नहीं बिकेंगे, एमपी में आप की सरकार बनेगी। अब एमपी में झाड़ू चलेगी। उन्होंने कहा कि अब आम आदमी पार्टी मप्र के अंदर आ गई है। पूरा प्रदेश बदलाव चाहता है। अब आपको ईमानदार पार्टी का विकल्प मिल गया है। जैसे- दिल्ली को बदला, वैसे ही मप्र को बदलेंगे।  सिंगरौली में रानी अग्रवाल मेयर बन गईं। सिंगरौली से आप की एंट्री हो चुकी है। अभी ये ट्रैलर है। 2023 के विधानसभा चुनाव में पूरी फिल्म दिखाएंगे।

बिजली-इलाज सब मुफ्त करने का ऐलान

अरविंद केजरीवाल ने एमपी में अपनी पार्टी का चुनावी शंखनाद करते हुए ऐलान किया कि यदि एमपी में आप की सरकार बनी तो दिल्ली और पंजाब की तरह मध्यप्रदेश में भी बिजली मुफ्त मिलेगी। एक बार एमपी की जनता मौका दे, आपके बच्चों का भविष्य बदल दूंगा। मोहल्ला क्लिनिक बनाएंगे, सबको मुफ्त इलाज मिलेगा। पंजाब में कई फसलों पर एमएसपी दी जा रही है। दिल्ली में 12 लाख सरकारी नौकरी दी गई। एमपी में नौकरी मांगने पर डंडे मिलते हैं। हमारी सरकार बनने पर सरकारी नौकरी मिलेगी और कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाएगा।

मध्यप्रदेश का हर आदमी ‘मामा’ को हटाना चाहता है

केजरीवाल ने कहा- कुछ दिन पहले मप्र के कुछ लोग मुझसे मिलने आए। मैंने पूछा- मप्र की सबसे बड़ी समस्या क्या है? मंहगाई, बेरोजगारी या भ्रष्टाचार? एक ने कहा- हमारे यहां सरकारें खरीदी और बेची जाती हैं। आज प्रदेश का हर नागरिक बेबस है। चुनाव खत्म होने के बाद एक पार्टी अपनी रेहड़ी लेकर निकलती है- एमएलए ले लो… 10 पर एक डिस्काउंट मिलेगा। इन लोगों ने लोकतंत्र और संविधान को बाजार बना दिया। एमपी का हर नागरिक मामा (सीएम शिवराज सिंह चौहान) को हटाना चाहता है। पिछली बार हटा दिया था, लेकिन इसको वोट दो या उसको। सरकार तो भाजपा की ही बनेगी।

प्रदेश की सभी सीटों पर लड़ेंगे, ‘आप’ प्रदेश में तीसरा विकल्प बनेगी

केजरीवाल ने स्टेट हैंगर पर मीडिया के एक सवाल पर कहा कि आम आदमी पार्टी मध्यप्रदेश में सभी 230 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि एमपी में अब आम आदमी तीसरा विकल्प बनेगी। इन्होंने 20 साल प्रदेश में राज किया है, लेकिन अब जनता के लिए आम आदमी पार्टी विकल्प बनेगी।

पंजाब के सीएम भगवंत मान ने पीएम मोदी पर साध्रा निशाना

पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा कि जब कार्यकर्ता सम्मेलन इतना बड़ा है, तब जनसभा कितनी बड़ी होगी। हमारे यहां भी मालवा है और आपके यहां भी। दोनों की परेशानी भी एक जैसी है। हमने किसानों की हमेशा लड़ाई लड़ी है।  उन्होंने कहा कि हमने पंजाब में पिछले 1 साल में 26 हजार से ज्यादा बेरोजगारों को सरकारी नौकरी दी। पंजाब की 87% जनता का बिजली बिल शून्य आता है। गन्ना किसानों को 384 करोड़ रुपए दिए गए। उन्होंने कहा कि हम किसी पार्टी को छोड़कर नहीं आए हैं। हमने भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान चलाया है। बीजेपी और कांग्रेस नफरत की राजनीति करती है।

मान बोले- कांग्रेस कार्यालय पर लिख देना चाहिए यहां विधायक बिकते हैं

मान ने कांग्रेस को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि एमपी की जनता ने वोट कांग्रेस को दिया, लेकिन सरकार बाद में बीजेपी की बन गई। जनता अब कांग्रेस पर भरोसा नहीं करती है। जनता जानती है कि कांग्रेस को वोट देंगे, तो भी सरकार बीजेपी की बनेगी। कांग्रेस चेंज नहीं एक्सचेंज है। कांग्रेस सेल पर है। कांग्रेस कार्यालय पर लिख देना चाहिए यहां विधायक बिकते हैं। भगवंत मान ने कहा कि हम सब काम जनता से पूछकर करते हैं। पीएम मोदी पर हमला करते हुए मान ने कहा कि  केंद्र सरकार ‘हम दो हमारे दो’ के नारे पर चल रही है। ऊपर वाले दो यानी अडाणी और अंबानी। आपके पैसे जो खा गया, वो मोदी जी का दोस्त है। मान ने कहा कि ‘बड़े साहब’कहते हैं कि मैं रेल के डिब्बों में चाय बेचता था। अब ‘बड़े साहब’ ने रेल ही बेच दी। रेल से लेकर तेल, एलआईसी तक, सब बेच दिया। मीडिया को थोड़ा खरीदकर सबको बेच दिया। उन्होंने कहा कि अफसर देश नहीं चला सकते हैं, लेकिन केंद्र सरकार को अफसर चलाते हैं। हम फ्री देते हैं और हमारा राज्य कर्जदार भी नहीं बनता है। हम जनता से लेकर जनता को देते हैं। ये फ्री की रेवड़ी नहीं है।

 

Back to top button