
सामाजिक समरसता सह भोज के जरिये अजा वर्ग की महिला वोटर्स पर भाजपा की नजर
प्रदेश के सभी मंडलों में आज आयोजित होंगे सामाजिक समरसता अन्न सहभोज
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी की विंग महिला मोर्चा सोमवार को प्रदेश के सभी मंडलों में सामाजिक समरसता अन्न सहभोज आयोजित करेगा। जिसमें महिला मोर्चा की पदाधिकारी और कार्यकर्ता बहनें अनुसूचित जाति समाज की बहनों के साथ सहभोज करेंगी। इस सामाजिक समरसता कार्यक्रम के जरिये भाजपा की महिला विंग अनुसूचित जाति वर्ग की महिला वोटर्स पर अपना आधार मजबूत करने की कोशिश करेगी।
मप्र में विधानसभा और उसके बाद होने वाले देश के लोकसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी लगातार सालभर कार्यक्रमों का आयोजन कर अपनी पकड़ मजबूत बनाने की कोशिश में जुटी है। इसी बीच पार्टी ने संघ की योजना – एक पंगत, एक पनघट, एक मरघट के आधार पर जाति, पंथ के भेद भुलाकर समाजों के बीच आधार बढ़ाने की कोशिश को आगे बढ़ाया है। अभी तक पार्टी सामाजिक समरसता सह भोज के आयोजन करती रही है, जिसमें लगभग 90 फीसदी भागीदारी पुरुष वर्ग की ही रही है। इसको ध्यान में रखते हुए अब भाजपा ने खासतोर पर महिलाओं के बीच समरसता सह भोज के आयोजन की शुरुआत की है। महिला मोर्चा के माध्यम से प्रदेश भर में ऐसे आयोजन कर छुआछूत की भावना को दूर करने के माध्यम से ही अजा वर्ग की महिला वोटर्स को भाजपा के पक्ष में लाने की कोशिश की जाएगी।
प्रदेश के सभी मंडल केंद्र पर एक साथ आयोजित होंगे आयोजन
महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष माया नारोलिया ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस 6 अप्रैल से 14 अप्रैल डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती तक प्रदेश भर में पार्टी द्वारा सेवा समरसता सप्ताह मनाया जा रहा है। जिसके अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी, महिला मोर्चा सोमवार, 10 अप्रैल को प्रदेश के सभी मंडल केंद्रां में एक साथ सामाजिक समरसता अन्न सहभोज आयोजित करेगा। उन्होंने बताया कि मोर्चा की बहनें अनुसूचित जाति वर्ग की बहनों के साथ सहभोज कर उन्हें केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से अवगत कराऐंगी। महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष माया नारोलिया नर्मदापुरम जिले के नगर मंडल में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगी।
‘एक पंगत, एक पनघट, एक मरघट’ की थीम पर साल भर हुए समरसता के आयोजन
विगत वर्ष भाजपा द्वारा सामाजिक समरसता के आयोजन के साथ ही बूथ अध्यक्षों के घर जाकर व्यक्तिगत स्तर पर सहभोज कार्यक्रम किए। इन आयोजनों में मप्र सरकार के मुखिया के रूप में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, ज्योतिरादित्य सिंधिया प्रमुख रूप से शामिल हुए। ये कार्यक्रम खासतौर पर अजा व अजजा वर्ग के बूथ अध्यक्षों के घर किए गए। जिससे पार्टी ने इन वर्गो के बीच समरसता का एक स्पष्ट संदेश देने के साथ ही अजा, जजा वर्ग में पार्टी का वोट बैंक बढ़ाने की कोशिश की।

















