खंडवा में मकान में मूर्ति स्थापना को लेकर दो समुदायों में पथराव, तीन थानों की पुलिस तैनात
खंडवा में मकान में मूर्ति स्थापना को लेकर दो समुदायों में पथराव, तीन थानों की पुलिस मौके पर
खंडवा। मध्यप्रदेश के खंडवा में दुबे कॉलोनी क्षेत्र के मुंशी चौक पर एक मकान में हनुमानजी की प्रतिमा स्थापना को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान दो समाज के लोग आमने-सामने हो गए दोनों तरफ से जमकर पत्थरबाजी हुई। घटना की जानकारी लगते ही शहर के तीनों थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। नगर पुलिस अधीक्षक को एक पत्थर लगा है। भारी पुलिस बल के साथ कलेक्टर और एसपी ने मोर्चा संभाला।
दुबे कॉलोनी के मुंशी चौक के पास रहने वाले गणेश जाधव का मकान था । बताया जाता है कि गणेश की बहू ने अपना मकान शेख असगर को बेचा था। इस मकान की कुछ ही दिन पहले असगर ने रजिस्ट्री कराई है। रविवार को रात करीब 8:00 बजे इस मकान में पीछे के रास्ते से हिंदू समाज के कुछ युवक अंदर आ गए। उन्होंने यहां हनुमान जी की मूर्ति की स्थापना करते हुए आरती की। इस दौरान असगर और मुस्लिम समाज के लोग वहां जमा हो गए। उन्होंने मूर्ति स्थापना का विरोध किया और मकान को अपना बताते हुए विरोध करने लगे।
देखते देखते दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। दोनों तरफ से पथराव हुआ। घटना की जानकारी न मिलने पर पुलिस बड़ी संख्या में मौके पर पहुंची। नगर पुलिस अधीक्षक पूनम चंद यादव और एसडीएम अरविंद चौहान ने पुलिस बल के साथ मुंशी चौक पर खड़े मुस्लिम समाज के युवकों को खदेड़ा। इस दौरान कुछ युवकों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। नारेबाजी करते हुए पत्थर फेंके गए। एक पत्थर नगर पुलिस अधीक्षक पूनमचंद यादव को सिर में लगा है। इसके बाद पुलिस अधीक्षक अधीक्षक विवेक सिंह और कलेक्टर अनूप कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की है। वहीं माहौल खराब करने वालों को पकड़ने के लिए क्षेत्र में सर्चिंग की गई।