राष्ट्रपति के कार्यक्रम में जा रही बस पलटी, 12 से अधिक घायल, 4 की हालत गंभीर, एक की मौत …
भोपाल। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कार्यक्रम में शामिल होने शहडोल जा रही एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जबलपुर के खूंडबल से बस शहडोल के लिए रवाना हुई थी। सुबह 10.30 बजे कटनी जिले में बस पलट गई। हादसे में युवक की मौत हो गई। 10 से ज्यादा घायल हुए हैं। घायलों को कटनी जिला अस्पताल और सिहोरा व उमरिया के स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया है।
बताया जाता है बस में 35 से 40 लोग सवार थे। कटनी जिले के पान उमरिया के पास अचानक मोड़ पर यह बस पलट गई और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद पुलिस को सूचना दी गई। लेकिन, सबसे पहले स्थानीय लोग पहुंचे और यात्रियों की मदद की। हादसे में ग्राम तपा खुड़ावल निवासी आशु कोल (22) की मौत हो गई है।
सरपंच पति राजेश कुमार (35) और सचिव राम किशोर पटेल (45) सहित चार लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना में एक दर्जन से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है। घटना की जानकारी लगते ही कटनी कलेक्टर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उमरिया पहुंचे और घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए।