मध्य प्रदेश

ग्वालियर में डॉक्टर पति ने बैंक मैनेजर पत्नी को घर से निकाला, पति की पिटाई से बचाने सास लेती थी 10 हजार ….

भोपाल/ग्वालियर। मध्यप्रदेश के  ग्वालियर में बैंक की असिस्टेंट मैनेजर ने अपने डॉक्टर पति पर सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि उसका पति शादी के बाद से ही गलत तरीके से संबंध बना रहा था। विरोध करने पर वह सीने पर राइफल अड़ा देता था। वह उससे दहेज में 10 लाख रुपए लाने की डिमांड करता था। मारपीट से बचने के लिए वह सास को अपनी सैलरी से 10 हजार रुपए महीना देती थी।

बैंक ऑफिसर ने इस दौरान एक बेटे को भी जन्म दिया, लेकिन डॉक्टर पति अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। पत्नी ने विरोध किया तो उसने बेटे समेत उसे घर से निकाल दिया। शुक्रवार को पत्नी ने मामले की शिकायत थाटीपुर थाने में की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अप्राकृतिक संबंध बनाने और दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज किया है।

शादी के महीनेभर बाद पति ने दिखाया असली रूप

थाटीपुर निवासी 30 वर्षीय महिला एक गवर्मेंट बैंक में बतौर असिस्टेंट मैनेजर पदस्थ है। 15 जनवरी 2020 को उनकी शादी थाटीपुर निवासी डॉक्टर से हुई थी। कुछ दिन तक तो सब ठीक चला, लेकिन महीनेभर बाद पति ने असली रूप दिखाया। पत्नी ने विरोध किया तो अलमारी से राइफल निकालकर उसके सीने पर अड़ा दी। इसके बाद यह रोज की बात हो गई।

पति, सास-ससुर और देवर करते थे प्रताड़ित

असिस्टेंट बैंक मैनेजर ने पुलिस को बताया कि ऐसा नहीं है कि पति ही उसे प्रताड़ित करता था। 10 लाख रुपए के लिए सास-ससुर व देवर भी प्रताड़ना देते थे। कई बार उसे पीटा जाता था। बचने के लिए उसने सास को अपनी सैलरी से 10 हजार रुपए महीना देना शुरू कर दिया। इसके बाद भी उस पर अत्याचार कम नहीं हुए।

दामाद को चेन और 1 लाख नकद दिए

शादी की पहली सालगिरह पर महिला के पिता ने डॉक्टर दामाद को सोने की चेन और एक लाख रुपए नकद दिए थे। कुछ समय बाद पीड़िता ने बेटे को जन्म दिया। उसे लगा कि अब सब ठीक हो जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। पति और उसके परिजनों की डिमांड कम नहीं हुई। एक दिन उसे बेरहमी से पीटा और घर से निकाल दिया, जिसके बाद से पीड़िता अपने पिता के घर रह रही है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी पति के अलावा उसके मां-बाप और भाई पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है।

Back to top button