देश

रामलला के दरबार में 30 दिन में 62 लाख श्रद्धालु पहुंचे, दानपात्र में आये 50 करोड़

अयोध्या
अयोध्या के राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को एक महीने हो गए हैं। 22 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे विधि विधान के साथ भव्य राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान में हिस्सा लिया। अब श्याम रंग की शिला से तैयार रामलला के दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा है। रामलला हर दिन रिकॉर्ड तोड़ और नए रिकॉर्ड स्थापित कर रहे हैं। राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद देश-विदेश के कोने-कोने से श्रद्धालु दर्शन को पहुंच रहे हैं। एक महीने की अवधि की दौरान 62 लाख लोगों ने राम मंदिर में रामलला के दर्शन किए। वहीं भक्तों ने 50 करोड़ की राशि रामलला को चढ़ावे में दान की।

ट्रस्ट के कार्यालय प्रभारी प्रकाश गुप्ता के मुताबिक, गर्भगृह के सामने दर्शन पथ के पास चार बड़े आकार की दान पेटियां रखी गई हैं, जिनमें श्रद्धालु दान कर रहे हैं। इसके अलावा 10 कम्प्यूटरीकृत काउंटरों पर भी लोग दान करते हैं। इन दान काउंटरों पर मंदिर ट्रस्ट के कर्मचारियों को नियुक्त गया है, जो शाम को काउंटर बंद होने के बाद प्राप्त दान राशि का हिसाब ट्रस्ट कार्यालय में जमा करते हैं।

दान की गिनती में लगे हैं कर्मचारी
14 कर्मचारियों की एक टीम चार दान पेटियों में आए चढ़ावे की गिनती कर रही है, जिसमें 11 बैंक कर्मचारी और तीन मंदिर ट्रस्ट के कर्मचारी शामिल हैं। गुप्ता ने कहा कि दान राशि जमा करने से लेकर उसकी गिनती तक सब कुछ सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में किया जाता है।
अगले दिन से उमड़ा आस्था का ज्वार
प्रधानमंत्री और अन्य विशिष्ट अतिथियों से जुड़े शिष्टाचार के चलते प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में अतिथियों की संख्या तो सात हजार तक सीमित रखी गई थी, किंतु अगले दिन से उमड़ा आस्था का ज्वार अब तक थमने का नाम नहीं ले रहा है। 23 जनवरी को रामलला के दर्शनार्थियों की संख्या पांच लाख तक जा पहुंची।

24 जनवरी को तीन लाख से ऊपर थी संख्या
24 जनवरी को यह संख्या तीन लाख से ऊपर रिकार्ड की गई और श्रद्धालुओं के प्रवाह के आगे व्यवस्था के प्रबंध सीमित सिद्ध हुए। इसके बाद से मंदिर ट्रस्ट से लेकर शासन-प्रशासन के स्तर पर श्रद्धालुओं की सहेज-संभाल के नित्य अतिरिक्त प्रबंध होते हैं, लेकिन इन प्रबंधों पर श्रद्धालुओं की संख्या बीस बैठ रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 11 फरवरी को अपनी पूरी कैबिनेट और भाजपा सहित अन्य दलों के विधायकों के साथ रामलला को नमन करने पहुंचे।

छह फरवरी को अरुणाचल के मुख्यमंत्री पेमा खांडू अपनी सरकार के साथ रामलला को शिरोधार्य करने पहुंचे। रामलला के आकर्षण से दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल एवं पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी अछूते नहीं रहे। गत दिनों उन्होंने मय परिवार के रामलला का दर्शन-पूजन किया।

क्या है राम मंदिर की टाइमिंग
मंदिर के उद्घाटन के एक महीने बाद भी श्रद्धालुओं की संख्या में कोई कमी नहीं आई है। मंदिर प्रशासन के नए समय के मुताबिक, रामलला की मूर्ति की श्रृंगार आरती सुबह 4.30 बजे शुरू होगी। सुबह 6.30 बजे मंगल प्रार्थना की गई। इसके बाद सुबह 7 बजे से मंदिर भक्तों के दर्शन के लिए खोल दिया जाता है।

 

Back to top button