मध्य प्रदेश

देश के सामने 3 बड़ी चुनौतियां, बेरोजगारी का समाधान, संविधान और संस्कृति की रक्षा : कमलनाथ

रायपुर में चल रहे कांग्रेस के 85वें महाअधिवेशन में कमलनाथ ने रखा आर्थिक प्रस्ताव, मध्यप्रदेश से 99 प्रतिनिधि भी हुए शामिल

भोपाल/रायपुर। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा है कि आज देश के सामने तीन सबसे बड़ी चुनौतियां है, इनमें बेरोजगारी, हमारी संस्कृति की रक्षा और हमारे संविधान की रक्षा शामिल हैं। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी की समस्या का समाधान केवल कांग्रेस पार्टी ही कर सकती है। आज का नौजवान जो हमारे देश और प्रदेश का निर्माण करेगा भविष्य में, अगर उसका ही भविष्य अंधेरे में रहा तो कैसे भविष्य का निर्माण होगा।

कमलनाथ रायपुर में चल रहे भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 85वें महाधिवेशन में बोल रहे थे। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ समेत मध्यप्रदेश के करीब 99 प्रतिनिधि इस महाधिवेशन में भाग लेने के लिए गए हैं। महाअधिवेशन में कमलनाथ ने शनिवार को आर्थिक प्रस्ताव रखते हुए कहा कि वे इस आर्थिक प्रस्ताव को प्रस्तुत कर रहे हैं, उसके समर्थन में खड़े भी हैं। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव की बुनियादी बात है रोजगार। आज नई पीढ़ी के सामने बेरोजगारी की सबसे बड़ी समस्या आ गई है और देश में करोड़ों नौजवान बेरोजगार हैं। किसी मंदिर अथवा मस्जिद में जाने से रोजगार के नए मौके नहीं बनेंगे। रोजगार के नए मौके बनेंगे जब हमारी सोच और हमारी योजनाएं रोजगारपरक हों। मैं तो कहता हूं कि बेरोजगारी की समस्या का समाधन केवल कांग्रेस पार्टी ही कर सकती है।

संविधान और संस्कृति भी है बचाना

कमलनाथ ने अपने संबोधन में देश की संस्कृति और संविधान को बचाने की भी सभी से अपील की। उन्होंने कहा कि हमारे देश और कांग्रेस की संस्कृति देश को जोड़ने वाली है और आज यही खतरे में पड़ गई है। यदि भारत आज एक झंडे के नीचे है तो यह हमारी संस्कृति के कारण हैं और हमें इसे संभालकर रखना है। संस्कृति और संविधान को सहेजकर रखना है। इसे गलत हाथों में जाने से बचाना है।

50 साल पहले के देश, उस वक्त की समस्या और आज के दौर में बहुत अंतर आ गया

अपने संबोधन में कमलनाथ ने कहा कि वे 50 साल पहले 1972 में कोलकाता में साल्ट लेक सिटी में कांग्रेस के महाधिवेशन में पहली बार शामिल हुए थे। 50 वर्ष बीत चुके हैं। उस समय देश, उस वक्त की समस्या और आज के दौर में बहुत अंतर हो गया है। कमलनाथ ने कहा कि आज का नौजवान जो हमारे देश और प्रदेश का निर्माण भविष्य में करेगा, यदि उसका ही भविष्य ही अंधेरे में हो तो कैसे भविष्य का निर्माण हो सकेगा। नौजवान का भविष्य बनाने की नीतियों से ही देश और प्रदेेश का विकास संभव हो सकेगा और यह केवल कांग्रेस ही कर सकती है।

 

 

 

Back to top button