मध्य प्रदेश

बागेश्वर धाम सरकार के दरबार में भगदड़ मचने से 1 महिला की मौत, कई श्रद्धालु घायल, नहीं थी प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था, उठे सवाल …

भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड के दंदरौआ धाम में बड़ा हादसा हुआ। बागेश्वर धाम सरकार के दरबार में प्राथमिक चिकित्सा व्यवस्था नहीं होने के  साथ ही पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने की कलई खुल गई। बागेश्वर धाम सरकार के दरबार में अचानक भगदड़ हो गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई है। वहीं 3 से ज्यादा घायल हैं। बता दें कि बागेश्वर धाम में पंडित धीरेंद्र शास्त्री का दिव्य दरबार लगा था। अचानक यहां श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी जिससे हादसा हुआ।

हादसे के बाद पुलिस अधिकारियों के दो अलग-अलग बयान सामने आए हैं। रेंज के आईजी राजेश चावला भीड़ में दम घुटने से महिला की मौत का दावा कर रहे हैं। तो वहीं एसडीओपी गोहद सौरभ कुमार का कहना है कि मंदिर की सीढ़ियों पर चढ़ने के दौरान धक्का लगने से महिला जमीन पर गिर गई थी। इसके बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। इधर, महिला के बेटे का आरोप है कि मां को बचाने के बजाय भीड़ ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।

बागेश्वर धाम के नाम से प्रसिद्ध भिंड के दंदरौआ धाम में धीरेंद्र का तीन दिन तक दरबार चल रहा है। 15 नवंबर मंगलवार को दरबार का पहला दिन था। इस आयोजन में दूर-दूर से लाखों की संख्या में भीड़ जमा हुई थी। इसी कार्यक्रम में मुरैना जिले के हाउसिंग बोर्ड की रहने वाली 55 साल की कृष्णा देवी बंसल अपने बेटे राम बंसल के साथ दंदरौआ धाम दर्शन को आई थी। महिला मंदिर के मुख्य द्वार पर खड़ी थी कि उसी दौरान भगदड़ मच गई। वह जमीन पर गिर गई। भीड़ में दबने से महिला की मौत हो गई, जबकि कई महिलाएं घायल हो गईं, जिन्हें मेहगांव अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मृतक महिला के बेटे राम बंसल की मानें तो भगदड़ में उनकी मां जमीन पर गिर गई थी। भीड़ ने उन्हें उठाने की बजाए कुचल दिया। कार्यक्रम स्थल पर डॉक्टर भी नहीं थे। एम्बुलेंस एक घंटे देरी से आई। इतना ही नहीं कुछ महिलाओं को उन्होंने खुद बचाया जो भीड़ में दब गई थीं। इसी बीच धक्का लगने से वह स्वयं भी गिर गईं। कृष्णा को कुचलता देख परिजनों नें उन्हें बाहर खींचने का प्रयास किया, लेकिन सभी असफल रहे। फिर किसी तरह लोगों को अलग कर बुरी तरह से घायल हुईं कृष्णा को बाहर निकाला गया। बाद में अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद अब पुलिस अलग-अलग बयान जारी कर सफाई दे रही है।

Back to top button