मध्य प्रदेश

स्वच्छता की जिम्मेदारी केवल सफाईकर्मी भाईयों-बहनों की नहीं, बल्कि पूरे समाज की : वीडी शर्मा

सफाई कर्मचारी आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष प्रताप करोसिया ने संभाला पदभार

भोपाल। जम्मू-कश्मीर में धारा-370 के कारण एक सफाईकर्मी का बेटा सफाईकर्मी ही रहता था, उसके परिवार का कोई भी व्यक्ति नौकरी नहीं कर सकता था। देश में यह एक अपराध था। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धारा-370 हटाकर देश में इतिहास बनाने का काम किया। हमारे लिए गर्व की बात है कि केंद्रीय नेतृत्व ने एक सामान्य कार्यकर्ता सुमित्रा वाल्मीकि को राज्यसभा सांसद के लिए चुना। भारत के सर्वोच्च सदन में वाल्मिक समाज को प्रतिनिधित्व का अवसर देने का काम प्रधानमंत्री मोदी एवं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने किया है। यह बात भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने प्रताप करोसिया के पदभार के पूर्व प्रदेश कार्यालय में सैकड़ो कार्यकर्ता को सम्बोधित करते हुए कही। उन्होंने कार्यकर्ताओं पर पुष्पवर्षा कर शुभकामनाएं दीं।
प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा के साथ सफाई कर्मचारी आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष प्रताप करोसिया ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी एवं पं दीनदयाल उपाध्याय की मूर्ति पर माल्यार्पण किया। इसके बाद पदभार ग्रहण करने पहुंचे। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने करोसिया को नवीन जिम्मेदारी मिलने पर बधाई और शुभकामनाएँ दी। शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के बडे-बडे लग्जरी जीवन जीने वाले नेताओं ने कभी कल्पना नहीं की थी कि देश का प्रधानमंत्री भी झाडू लगा सकता है। देश में स्वच्छता की जिम्मेदारी केवल सफाईकर्मी भाईयों-बहनों की नहीं, बल्कि पूरे समाज की है। पूरी दुनिया में इंदौर का सफाई में जो स्थान बना है, वह हर नागरिक ने संकल्प के कारण संभव हुआ है। इस अवसर पर पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष व सांसद सुमित्रा वाल्मीकि, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष दर्शन सिंह चौधरी, विधायक मालिनी गौड, देवेन्द्र वर्मा, पहाड सिंह, सूरज कैरो, प्रदेश प्रवक्ता नरेन्द्र सलूजा आदि उपस्थित थे।

Back to top button