मध्य प्रदेश

आज कटनी में सीएम शिवराज सिंह तो जबलपुर में प्रियंका गांधी साधु-संत के साथ दिखाएंगे दमखम

भोपाल। आज 12 जून का दिन मध्यप्रदेश की राजनीति के लिए काफी अहम माना जा रहा है। आज सीएम शिवराज सिंह चौहान, बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा और पार्टी के बड़े चेहरों के साथ-साथ, साधु-संतों की मौजूदगी में बड़े धार्मिक कार्यों के लिए कटनी जिले की विजयराघवगढ़ जाएंगे। वहीं, कांग्रेस की ओर से चुनावी शंखनाद करने पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाडरा जबलपुर में रहेंगी, उनके साथ कमलनाथ, दिग्विजय सिंह समेत कई दिग्गज कांग्रेसी भी मौजूद रहेंगे।

बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही पार्टियां देश की प्रमुख पार्टी हैं और दोनों का 12 जून को एक साथ बड़े कार्यक्रम करना मध्यप्रदेश की राजनीति में बहुत अहम माना जा रहा है। बीजेपी की ओर से विजयराघवगढ़ विधायक संजय पाठक अपनी विधानसभा में श्रीहरि हर तीर्थ बनाने की तैयारियों में जुटे हैं। जहां एक साथ कई देवी-देवताओं के मंदिर और प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी, जिसमें सबसे बड़ी और अष्टधातु की भगवान परशुराम जी की मूर्ति भी शामिल है, मूर्ति 108 फीट ऊंची होगी। इस बड़े कार्यक्रम में शामिल होने नेता, अभिनेता सहित साधु-संत ग्राम बंजारी स्थित राजा पहाड़ पहुंचेंगे। इस दौरान प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, मंत्री भूपेंद्र सिंह, फिल्म अभिनेता आशुतोष राणा, स्वामी रामभद्राचार्य, स्वामी अवधेशानंद गिरि, जगद्गुरु शंकराचार्य और श्री श्री रविशंकर सहित कई जानी मानी हस्तियां भी उपस्थित रहेंगी।

बताया जा रहा है इस कार्यक्रम के जरिये बीजेपी एक साथ दो निशाने साध रही है। एक तो हिंदू वोटर्स को लुभाने के साथ ही बीजेपी के लिए फिलहाल की स्थितियों में काफी कमजोर विजयराघवगढ़ विधानसभा को मजबूत करने की भी कोशिश में है। दूसरी ओर, मध्यप्रदेश कांग्रेस में जान डालने और विधानसभा का चुनावी शंखनाद करने कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी जबलपुर पहुंचेगी। इनके स्वागत में पूर्व सीएम कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, जीतू पटवारी और विवेक तंखा सहित कई बड़े चहरे मौजूद रहेंगे। इनकी मौजूदगी में गोल बाजार में प्रियंका गांधी के रोड शो के साथ ही एक बड़ी आमसभा की जाएगी। कांग्रेस का लक्ष्य 150 सीटों का है, जिसकी तैयारियां प्रियंका गांधी के साथ ही शुरू हो जाएंगी। हालांकि, दोनों ही पार्टी के लिए 12 जून ही इतनी खास क्यों है, इसकी वजह अब तक साफ नहीं हो पाई। देखना दिलचस्प होगा कि प्रियंका और शिवराज के चुनावी शंखनाद में जनता किस ओर नजर आती है।

Back to top button