छत्तीसगढ़बिलासपुर

लॉकडाउन के पहले दिन ही भीड़ गायब, राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल व विधायक शैलेश पांडेय ने चौक-चौराहे पर लिया जायजा

बिलासपुर। जिले के शहरी क्षेत्रों में आज से लॉकडाउन शुरू हो गया है। लॉकडाउन के पहले दिन आज प्रदेश के राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल और बिलासपुर के विधायक शैलेश पांडेय ने चौक-चौराहों पर जाकर जायजा लिया। आज सुबह से ही सभी प्रमुख स्थानों में पुलिस के जवान तैनात थे इसलिए भीड़-भाड़ देखने को नहीं मिली।

बिलासपुर जिले के शहर क्षेत्रों में आज 23 जुलाई से 31 जुलाई तक 9 दिन के लिए लॉकडाउन लागू किया गया है। लॉकडाउन में आवश्यक सेवाओं के अलावा सब्जी और किराना दुकानों को चार घंटे सुबह 8 बजे से 12 बजे तक खोलने की अनुमति है। बिलासपुर पहुंचे प्रदेश के राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने विधायक शैलेश पांडेय के साथ चौक-चौराहे पर लॉकडाउन का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से लॉकडाउन के संबंध में बातचीत की। मंत्री अग्रवाल के वापस चले जाने के बाद भी विधायक पांडेय ने पुलिस अधिकारियों व जवानों से चर्चा कर उनका मनोबल बढ़ाया। यह कहा गया कि जरुरतमंद लोगों को तकलीफ न हो इसका ध्यान रखा जाना चाहिए। बेवजह घूमने वाले लोगों से पूछताछ करें। समझाइश देकर घर भेजें और घर में ही रहने को कहें।

सब्जी बाजार आज सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक खुला हुआ था लेकिन भीड़-भाड़ नजर नहीं आई। नगर निगम की ओर से शहर के लोगों को कल लाऊडस्पीकर लगाकर यह कहा गया था कि 9 दिन के लिए लॉकडाउन है। ऐसे में जरुरी सामान अपने घर में रख लें। शायद इसी का असर हुआ कि सब्जी बाजार सहित दूसरे दुकानों में भी भीड़ देखने को नहीं मिली। लॉकडाउन में हमेशा बिलासपुर के विधायक शैलेश पांडेय सक्रिय रहते हैं। आज पहले दिन के लॉकडाउन में उनकी सक्रियता को आम लोगों ने पसंद किया।

Back to top button