देश

राष्ट्रीय जनता दल ने बिहार लोकसभा चुनाव में छह महिला शक्ति को मैदान में उतारा

पटना
 राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने इस बार के लोकसभा चुनाव में छह महिला शक्ति को चुनावी समर में उतारा है, जिनमें से पांच पहली बार लोकसभा का चुनाव में अपनी तकदीर आजमायेंगी।

राजद के टिकट पर इस बार के चुनाव में 23 प्रत्याशी चुनावी समर में अपनी किस्मत आजमायेंगे। राजद ने इस बार छह महिला शक्ति को चुनावी मैदान में उतारा है। इनमें राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की दो पुत्री मीसा भारती, रोहिनी आचार्य, बीमा भारती, रितु जायसवाल, अनिता देवी और अर्चना रविदास शामिल है। इनमें मीसा भारती को छोड़ अन्य पांच महिला शक्ति पहली बार लोकसभा के रण मे अपनी तकदीर आजमा रही हैं।

लालू-राबड़ी की पुत्री राज्यसभा सांसद मीसा भारती तीसरी बार पाटलिपुत्रा संसदीय सीट पर चुनाव लड़ने जा रही है। इससे पूर्व मीसा भारती ने वर्ष 2014 और वर्ष 2019 में पाटलिपुत्रा सीट से चुनाव लड़ा, लेकिन दोनों बार उन्हें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार राम कृपाल यादव से हार का सामना करना पड़ा। इस बार के चुनाव में भी मीसा भारती का मुकाबला पूर्व केन्द्रीय मंत्री भाजपा प्रत्याशी राम कृपाल यादव से होगा।

लालू-राबड़ी की दूसरी पुत्री रोहिणी आचार्य सारण संसदीय सीट, रूपौली की विधायक बीमा भारती पूर्णिया से, पूर्व मुखिया रितु जायसवाल शिवहर से, अनिता देवी मुंगेर और अर्चना रविदास जमुई (सु) सीट से पहली बार लोकसभा चुनाव में अपनी-अपनी किस्मत आजमायेंगी।

वर्ष 2019 के चुनाव मे महागठबंधन में शामिल राजद के टिकट पर तीन महिला शक्ति पाटलिपुत्र संसदीय सीट से मीसा भारती,सीवान से पूर्व बाहुबली सांसद मोहम्मद शाहबुद्दीन की पत्नी हिना शहाब, और नवादा से राजबल्लभ यादव की पत्नी श्रीमती विभा देवी ने चुनाव लड़ा लेकिन तीनों को कामयाबी नहीं मिली। इस बार के चुनाव में राजद ने पिछले चुनाव की तुलना में दुगनी छह महिला शक्ति को चुनावी मैदान में उतारा है, देखना दिलचस्प होगा कि इनमें कितनी महिला शक्ति जोर दिखाकर बाजी अपने नाम करने में सफल होती हैं।

राजद के टिकट पर 13 प्रत्याशी पहली बार लड़ेंगे लोकसभा चुनाव

बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के टिकट पर 13 प्रत्याशी पहली बार लोकसभा के चुनाव में अपनी किस्मत आजमायेंगे। राजद के टिकट पर इस बार के चुनाव में 23 प्रत्याशी में से 13 नये प्रत्याशी लोकसभा चुनाव में अपनी किस्मत आजमायेंगे। इनमे छह वर्तमान विधायक समेत 13 प्रत्याशी शामिल हैं।

 इन छह विधायको में गया सीट पर बोधगया (सु) के विधायक कुमार सर्वजीत पासवान, पूर्णिया से रूपौली की विधायक बीमा भारती, दरभंगा सीट से दरभंगा ग्रामीण के विधायक ललित यादव, बक्सर सीट से राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के पुत्र और रामगढ़ के विधायक सुधाकर सिंह, सुपौल सीट से सिंहेश्वर विधानसभा के विधायक चंद्रहास चौपाल और अररिया से पूर्व केंद्रीय मंत्री तस्लीमुद्दीन के पुत्र और जोकीहाट के विधायक शाहनवाज आलम शामिल हैं। ललित यादव ने छह बार विधानसभा का चुनाव जीता है। उन्होंने वर्ष 1995, 2000 और अक्टूबर 2005 में मनिगाछी विधानसभा जबकि 2010, 2015 और 2020 में दरभंगा ग्रामीण से विजय हासिल की। बीमा भारती ने रूपौली विधानसभा से वर्ष 2000, वर्ष अक्टूबर 2005, वर्ष 2010, वर्ष 2015 और वर्ष 2020 पांच बार चुनाव जीता।

राजद के अन्य सात प्रत्याशी जो पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं, उनमें राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव औैर पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की पुत्री रोहिणी आचार्य सारण संसदीय सीट, श्रवण कुशवाहा नवादा से, अर्चना रविदास जमुई (सु) से, अभय कुमार कुशवाहा औरंगाबाद से, अनिता देवी मुंगेर से, रितु जायसवाल शिवहर से, कुमार चंद्रदीप मधेपुरा सीट से चुनावी संग्राम में उतरेगे।

श्रवण कुशवाहा पूर्व में गोविंदपुर विधानसभा क्षेत्र और साथ ही स्थानीय निकाय क्षेत्र से विधान परिषद का भी चुनाव लड़ चुके हैं। अर्चना रविदास मुंगेर के राजद नेता मुकेश यादव की पत्नी हैं और उनका मायका जमुई क्षेत्र में है। अभय कुमार कुश्वाहा टेकारी के पूर्व विधायक रहे हैं और उन्होंने हाल ही में जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के गया जिला अध्यक्ष पद से इस्तीफा देकर राजद की सदस्यता ग्रहण की है।अनिता देवी बाहुबली अशोक महतो की पत्नी हैं। रितु जायसवाल पूर्व मुखिया रही हैं।

 वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में रितु जायसवाल ने राजद के टिकट पर परिहार से अपनी किस्मत आजमायी थी लेकिन उन्हें पूर्व विधायक रामनरेश यादव की पत्नी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार गायत्री देवी से महज 1569 मतों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था। रितु जायसवाल राजद महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व आईएएस अरुण कुमार सिंह की पत्नी हैं। वहीं पेशे से प्रोफसर कुमार चंद्रदीप,मधेपुरा लोकसभा से पूर्व सांसद और भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय के संस्थापक कुलपति रहे पूर्व सांसद डॉ. रविंद्र कुमार यादव रवि के पुत्र और संविधान सभा के सदस्य कमलेश्वरी प्रसाद यादव के पौत्र हैं।

 

Back to top button