रायपुर

धान के मुद्दे पर कांग्रेस करेगी दिल्ली में 15 नवंबर को जंगी प्रदर्शन

रायपुर। धान खरीदी को लेकर कांग्रेस ने सीधे मोदी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने का ऐलान कर दिया है। 15 नवंबर को दिल्ली में जंगी प्रदर्शन की तैयारी की जा रही है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज फिर कहा कि किसानों का धान 2500 रूपए प्रति क्विंटल के हिसाब से ही खरीदेंगे।

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव पीएल पुनिया, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कांग्रेस भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में संयुक्त रूप से यह जानकारी दी। प्रेस कांफ्रेस में प्रदेश प्रभारी पुनिया ने स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदेश में आंदोलन की शुरुआत 5 नवंबर से करेंगे। 5 से 12 नवंबर तक ब्लॉक और जिला मुख्यालयों में आंदोलन होगा। कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपने –अपने संसाधनों से 13 नवंबर को रायपुर पहुंचेंगे। 13 नवंबर को ही सड़क मार्ग द्वारा सभी दिल्ली कूच करेंगे। दिल्ली में 15 नवंबर को केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्पष्ट किया कि हमने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर मांग की है कि छत्तीसगढ़ के किसानों से धान की खरीदी 2500 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से किया जाए। किसानों को भी हमने यह भरोसा दिला दिया है कि धान की खरीदी 2500 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से ही खरीदेंगे। सरकार पहले धान की खरीदी 15 नवंबर से करने की तैयारी में थी लेकिन बारिश और धान में नमीं के कारण इसे 1 दिसंबर से खरीदने का निर्णय लिया गया है।

पत्रवार्ता में मंत्री ताम्रध्वज साहू, शिव डहरिया, मो. अकबर, प्रेम साय सिंह, कवासी लखमा और संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेष नितिन त्रिवेदी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button