मध्य प्रदेश

लापरवाही: 24 घंटे में दो जेल ब्रेक, 3 कैदी भागे, रतलाम के सैलाना उपजेल से दुष्कर्म और सतना की मैहर उपजेल से चोरी के दो आरोपी फरार, जेल की दीवार फांदकर भागे…

भोपाल। मध्यप्रदेश में 24 घंटे के अंदर दो जेल ब्रेक हुए। रतलाम के सैलाना उपजेल से दुष्कर्म का एक आरोपी और सतना के मैहर उपजेल से चोरी के दो आरोपी दीवार फांदकर फरार हो गए। दोनों ही मामले में पुलिस कैदियों की तलाश कर रही है। मैहर जेल से फरार हुए कैदी का सीसीटीवी भी सामने आया है। इसमें दोनों आरोपी एक के बाद एक भागते दिख रहे हैं।

रतलाम की सैलाना उपजेल से शनिवार को फरार हुए कैदी का नाम जस्सू उर्फ दशरथ डिंडोर है। जो उमरीपाड़ा छोटी सरवन के पास का रहने वाला है। दशरथ एक महीने पहले ही दुष्कर्म के मामले में जेल आया था। जेल अधिकारियों के अनुसार आरोपी जेल की दीवार फांद कर सुबह 9 से 10 के बीच फरार हुआ है। इसकी जानकारी भोजन काल के दौरान मिली। उपजेल से कैदी फरार होने के बाद सैलाना एसडीएम, एसडीओपी और सर्किल जेल प्रभारी भी सैलाना पहुंचे हैं।

अफसरों के अनुसार इस दौरान तेज बारिश हो रही थी, जिससे जेल के पिछले हिस्से में चौकसी करने वाले जवान शेड में आ गए थे। इसी दौरान दशरथ मौके का फायदा उठाकर भाग गया। दोपहर के भोजन के समय विचाराधीन कैदी के भागने की जानकारी मिली। जेलर और प्रहरी आस-पास के क्षेत्रों में पहुंचे, लेकिन आरोपी का पता नहीं चला। जेल प्रशासन ने थाने में केस दर्ज करवाया है।

सतना के मैहर उपजेल की दीवार फांदकर दो कैदी फरार हो गए। घटना शनिवार शाम करीब 5 बजे की है। कैदियों के नाम शिवम उर्फ शिब्बू रावत और उपजेंद्र रावत हैं। दोनों रामनगर थाना क्षेत्र में चोरी के आरोप में पकड़े गए थे। इसके बाद कोर्ट ने जेल भेज दिया था। एएसपी ने घटना की पुष्टि की है। घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई है। इसमें दो लोग जेल से भागते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर दी है। मौके पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी पहुंच गए हैं। जेल की महिला प्रहरी विनिता पटेल का कहना है कि उसने दोनों आरोपियों को रोकने के लिए राइफल से हवाई फायर भी किए थे, लेकिन दोनों आरोपी फिर भी नहीं रुके।

Back to top button