कोरबा

नंदकुमार बघेल ने कहा- राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल को हटाया जाए

कोरबा {गेंदलाल शुक्ल}। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के घर से ही उनके एक कैबिनेट मंत्री को पद से हटाने की मांग उठी है। प्रदेश के राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल पर पार्टी विरोधी कार्य करने, विपक्षी भारतीय जनता पार्टी से सांठगांठ करने और भ्रष्ट तरीके से अकूत सम्पत्ति अर्जित करने का आरोप लगाकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पिता नन्दकुमार बघेल ने मंत्री को उनके पद से हटाने की मांग की है।

अल्प प्रवास पर कोरबा आए नन्दकुमार बघेल ने मीडिया से चर्चा करते हुए आरोप लगाया कि राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल लम्बे समय से कांग्रेस से भीतरघात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मंत्री अग्रवाल ने वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में तत्कालीन केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. चरण दास महंत को हराया था। हाल ही में 2019 के लोकसभा चुनाव में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत की धर्मपत्नी श्रीमती ज्योत्सना महंत को कोरबा विधानसभा क्षेत्र से हराया। हालांकि श्रीमती महंत लोकसभा चुनाव जीत गईं।

श्री बघेल ने मंत्री जयसिंह अग्रवाल पर भारतीय जनता पार्टी से सांठगांठ का आरोप लगाते हुए कहा कि वे भाजपा नेता और पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल से मिले हुए हैं। श्री बघेल ने मंत्री जयसिंह अग्रवाल पर अनुचित तरीके से अकूत सम्पत्ति अर्जित करने और कोरबा में जमीनों पर कब्जा करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने मंत्री को पद से हटाकर उनके खिलाफ जांच कराने की मांग की। बातचीत का वीडियो दिल्ली बुलेटिन के पास उपलब्ध है।

Back to top button