मुंगेली

कलेक्टर पीएस एल्मा ने किया कार्यभार ग्रहण, सौ बिस्तर वाले कोविड-19 हॉस्पिटल का किया आकस्मिक निरीक्षण

मुंगेली (अजीत यादव)। जिले में नवपदस्थ कलेक्टर पी.एस. एल्मा ने आज कार्यभार सम्हालते ही सौ बिस्तर वाले कोविड-19 हॉस्पिटल का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने जिले में कोविड-19 के संक्रमण को नियंत्रित करने के संबंध में की जा रही कार्यों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस के संक्रमण को नियंत्रित करने का कार्य आज के समय में सर्वाधिक प्राथमिकता और महत्वपूर्ण कार्य है और इस कार्य में संबंधित सभी अधिकारी-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने कोविड-19 के संक्रमण को रोकने सकरात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिये। नवपदस्थ कलेक्टर एल्मा ने सौ बिस्तर वाले कोविड-19 हॉस्पिटल का निरीक्षण के दौरान कोविड-19 गहन चिकित्सा इकाई, पोषण पुनर्वास केन्द्र, आईसोलेशन कक्ष, सहित अंतःरोगी कक्ष, बाह्य रोगी कक्ष, शिशु रोग विभाग, महिला एवं पुरूष वार्डों का अवलोकन किया और संबंधितों को आवश्यक निर्देश दिये।

इस अवसर पर उन्होंने कोविड-19 रैपिड टेस्ट कीट, एन-95 मास्क पीपीई कीट आदि की उपलब्धता के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर कलेक्टर एल्मा ने जिला चिकित्सालय का भी अवलोकन किया और मरीजों के लिए उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और दवाईयों की उपलब्धता आदि के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्य पालन अधिकारी श्रीमती नुपूर राशि पन्ना, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी महादेव तेंदवे, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. भू-आर्य, जिला कार्यक्रम प्रबंधक उत्कर्ष तिवारी मौजूद थे।

Back to top button