दुनिया

आखिर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्‌डा ने दिलवाई ज्योतिरादित्य को सदस्यता, जफर इस्लाम के साथ पहुंचे थे भाजपा कार्यालय

भोपाल। मध्यप्रदेश में पिछले तीन-चार दिनों से चला आ रहा सियासी उठापटक कल 10 मार्च को भगवा रंग में तब तब्दील हो गया तब कांग्रेस के भरोसेमंद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस को बाय-बाय करते हुए हाथ में कमल थाम लिया। इस घटनाक्रम के लगभग 27 घंटे बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया भाजपा में शामिल हो गए। वे भाजपा नेता जफर इस्लाम के साथ भाजपा कार्यालय पहुंचे। जफर इस्लाम ही वे नेता हैं जिन्होंने भाजपा और ज्योतिरादित्य सिंधिया के बीच डील कराई है।

इस अवसर पर भाजपा के मध्यप्रदेश भजपा के अध्यक्ष बीड़ी शर्मा, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, विनय सहस्त्रबुद्धे, अनिल जैन, अरुण सिंह,जय पाण्डा जैसे बड़े नेता उपस्थित रहे। उन्होंने भाजपा परिवार में शामिल करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, को धन्यवाद दिया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अब वो कांग्रेस पार्टी नही रही। मैं जनसेवा करने के लिये राजनीति में आया था पर मुझे जनसेवा नहीं करने दिया जा रहा था। मध्यप्रदेश में किसानों की दुर्दशा है, युवा बेराजगार हो रहे हैं, माफिया राज हावी है। कांग्रेस घोषणा पत्र को भूल गई। इसलिए मैंने अपनी अंतरात्मा की आवाज से भाजपा ज्वाइन की।

राज्यसभा के लिए 13 को नामांकन भरेंगे ज्योतिरादित्य

पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ज्योतिरादित्य सिंधिया को भाजपा मुख्यालय में सदस्यता दिलवाई। सूत्रों के हवाले से खबर है कि वे शुक्रवार को राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल कर सकते हैं। शुक्रवार को ही मध्यप्रदेश की 3 राज्यसभा सीटों पर चुनाव के लिए नामांकन दाखिले का आखिरी दिन है। सूत्र बताते हैं कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा ज्योतिरादित्य सिंधिया का कांग्रेस छोड़ भाजपा में आने की बात से खासे नाराज हैं। उन्होंने अपनी नाराजगी आलाकमान के सामने जाहिर भी कर दी है।

ऐसा नंगा नाच कभी नहीं देखा – अशोक गहलोत

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सिंधिया के कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने के बाद तीखी टिप्पणी की है। गहलोत ने कहा कि मध्यप्रदेश में सत्ता के लिए जिस तरह से हार्स ट्रेडिंग की जा रही है उसे पूरा देश देख रहा है। उन्होंने यहां तक कहा कि मध्यप्रदेश में सत्ता के लिए जिस तरह से नंगा नाच किया जा रहा है ऐसा कभी नहीं देखा गया।

राहु काल का भी रखा गया ख्याल

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष दोपहर 12 बजे ज्योतिरादित्य सिंधिया को भाजपा प्रवेश दिलाने वाले थे लेकिन अचानक ज्याेतिषाचार्यों की सलाह से दोपहर 2 बजे का कार्यक्रम तय किया गया। बताया गया कि राहु काल के कारण दोपहर 12 बजे के कार्यक्रम को 2 बजे के बाद का तय किया गया। यानी कि दोपहर 12 से 2 बजे तक दिल्ली में राहु काल था।

कमलनाथ मंत्रिमंडल से हटाए गए 6 मंत्री का क्या होगा

ज्योतिरादित्य सिंधिया के कहने पर बैंगलुरु गए 19 विधायकों में वो 6 मंत्री भी शामिल हैं जो कमलनाथ सरकार में मंत्री थे। पूर्व तैयारी के मुताबिक इन सभी को भी आज भाजपा की सदस्यता लेनी थी लेकिन आज इनमें से किसी को भी सदस्यता नहीं दिलाई गई। ये सभी कांग्रेस विधायकी से तो इस्तीफा दे चुके हैं लेकिन अभी ये भाजपा में शामिल हो रहे हैं या नहीं इस पर सस्पेंस बना हुआ है।

राजनीतिक घटनाक्रम के बीच कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि ‘‘जब आप (मोदी सरकार) कांग्रेस की चुनी हुई सरकार को अस्थिर करने में व्यस्त हैं, तब यह देखने में चूक गए कि दुनिया में तेल की कीमतों में 35% की गिरावट आई है। क्या आप पेट्रोल की कीमतों को 60 रुपए प्रति लीटर कर देश के लोगों को राहत दे सकते हैं? इससे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।’

Back to top button