देश

झारखंड के सरायकेला में पति से झगड़े के बाद एक महिला अपने 3 बच्चों के साथ कुएं में कूद गई

झारखंड
झारखंड के सरायकेला (Seraikela) जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहां पति से झगड़े के बाद एक महिला अपने 3 बच्चों के साथ कुएं में कूद गई। घटना में तीनों बच्चों की मौत हो गई है जबकि महिला की जान बच गई है। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक बच्चों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मामला जिले के खरसावां थाना क्षेत्र अंतर्गत कुम्हारसाई गांव का है। बताया जा रहा है कि यहां के रहने वाले अशोक महतो और उनकी पत्नी पूजा महतो के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। इस बीच शनिवार को पत्नी पूजा महतो अपने मायके जाने को लेकर पति से झगड़ा कर रही थी। पूजा ने फोन कर पुलिस को भी बुला लिया था, पुलिस के पहुंचने पर मामला शांत कराया गया। इसके बाद अशोक महतो भी घर से बाहर चला गया। फिर रात को पता नहीं ऐसा क्या हुआ कि महिला ने अपने 3 बच्चों के साथ कुएं में छलांग लगा दी।

ग्रामीणों ने घर के आंगन में स्थित कुएं से चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनी, जिसके बाद ग्रामीणों ने घंटों की मशक्कत के बाद एक-एक करके तीनों बच्चों सहित महिला को कुएं से बाहर निकाला। तीनों बच्चों की मृत्यु हो चुकी थी जबकि महिला की जान बच गई। वहीं, महिला का अस्पातल में इलाज चल रहा है। मृतक बच्चों में कोमल कुमारी (9 वर्ष), अनन्या महतो (5 वर्ष) और आर्यन महतो (2 वर्ष) शामिल है।

 

Back to top button