मध्य प्रदेश

युवा कांग्रेस ने भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे मंत्री भूपेंद्र सिंह के बंगले का किया घेराव, कांग्रेस ने प्रदर्शन कर सीबीआई, ईडी जांच की मांग की, इस्तीफा भी मांगा

पुलिस के साथ हुई धक्का मुक्की, कांग्रेस ने लोकायुक्त से नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री भूपेंद्र सिंह के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति को लेकर की है शिकायत

भोपाल। भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे प्रदेश सरकार के मंत्री भूपेन्द्र सिंह के बंगले का कांग्रेसजनों ने शुक्रवार को घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने मंत्री पर अनुपातहीन संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगाते हुए सीबीआई, ईडी से जांच करवाने और जांच होने तक इस्तीफा देने की मांग की।

सैकड़ों की संख्या में मंत्री भूपेंद्र सिंह के सरकारी आवास का घेराव करने पहुंचे कांग्रेसजनों ने कहा कि मंत्री भूपेंद्र सिंह मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेहद करीबी हैं। इस कारण प्रदेश की किसी भी एजेंसी द्वारा की गई जांच में उन्हें क्लीनचिट मिल सकती है। मंत्री जांच को अपने पद का दुरुपयोग कर प्रभावित भी कर सकते हैं। इसलिए मंत्री के अनुपातहीन संपत्ति की जांच सीबीआई और ईडी से करवाई जाए। कांग्रेसजनों ने जांच अवधि के दौरान मंत्री भूपेन्द्र सिंह के इस्तीफे की भी मांग की है। कांग्रेस नेता प्रकाश चौकसे ने आरोप लगाया कि मंत्री भूपेन्द्र सिंह एवं उनके परिवार द्वारा वर्ष 2008 से आज तक अकूत संपत्ति एकत्रित की है। मंत्री भूपेंद्र सिंह उनके परिवार व निकट रिश्तेदारों द्वारा करोड़ों, अरबों रूपये की आय से अधिक संपत्ति एकत्रित की गई है, जो मंत्री भूपेन्द्र सिंह द्वारा विधानसभा चुनाव 2008, लोकसभा चुनाव 2009, विधानसभा चुनाव 2013 एवं विधानसभा चुनाव 2018 के दौरान चुनाव आयोग के समक्ष प्रस्तुत शपथ पत्रों से स्पष्ट होता है।

एडीआर की रिपोर्ट का दिया हवाला

कांग्रेस नेता विवेक त्रिपाठी ने वर्ष 2013 एवं 2020 में प्रकाशित एडीआर रिपोर्ट को आधार बनाते हुए आरोप लगाया कि भाजपा द्वारा प्रदेश में पिछले 19 वर्षो के शासन में अपने मंत्रियों के माध्यम से प्रदेश की जनता के साथ छल कर भारी भ्रष्टाचार किया गया है। मंत्रियों ने इस माध्यम से अनुपातहीन संपत्तियां अर्जित की हैं। युवा कांग्रेस नेता अभिषेक परमार ने आरोप लगाते हुए कहा कि मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने चुनाव आयोग को 2008 में दिए शपथ पत्र में पत्नी की संपत्ति 1 करोड़ और 2018 में दिए शपथ पत्र में 33.27 करोड़ दर्शाई है जो 10 सालों में लगभग 33 गुना की वृद्धि है। उन्होंने सवाल उठाया आखिरकार संपत्ति में इतनी वृद्धि कैसे हो रही है? यह मनी लॉन्ड्रिंग का मामला है।

जमीन दान लेने के नाम पर फर्जीवाड़ा

कांग्रेसजनों ने आरोप लगाया कि मंत्री भूपेन्द्र सिंह द्वारा अपने नाबालिक बेटे अभिराज सिंह के नाम पर कई एकड भूमि दान पर ली है, जो कि प्रथम दृष्ट्या अनुपातहीन एवं बेनामी संव्यवहार को दर्शाती है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकारी जिलाध्यक्ष प्रकाश चौकसे, प्रदेश सचिव अभिषेक परमार, जिला चेयरमैन आकाश चौहान, चेतन साहू, मिंटू राय, सुरहिद तिवारी, सोहन मेवाड़ा, रवि परमार, गुलाम हैदर आदि अनेक कार्यकर्ता मोजूद थे।

Back to top button