नई दिल्ली

पत्नी अमृता ने बताया- 75 के दिग्विजय की फिटनेस का राज, रोज 22Km पैदल चलना, कभी डांस, कभी क्रिकेट खेलना ….

नई दिल्ली। हाल ही में कांग्रेस के सीनियर लीडर जयराम रमेश ने दिग्विजय सिंह को राहुल गांधी के बाद भारत जोड़ो यात्रा का सबसे युवा यात्री बताया था। जिसके बाद दैनिक भास्कर ने उनसे 75 की उम्र में युवाओं को चुनौती देने वाली एनर्जी का राज पूछा तो वे चिरपरिचित अंदाज में बोले- पहले सवा रुपए का प्रसाद चढ़ाओ, गुरु बनाओ, फिर जवाब मिलेगा। हमने लाख कोशिश की, लेकिन हर बार दिग्विजय कोई शर्त रख देते। कुल मिलाकर हमें जवाब नहीं मिला।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा मध्यप्रदेश में हैं। 52 साल के राहुल रोज 22 से 24 किलोमीटर चलते हैं। उनके साथ 75 साल का एक ‘जवान’ भी रोज कंधे से कंधा मिलाकर चलता है। न सिर्फ चलता है बल्कि उन सभी एक्टिविटी में पार्टिसिपेट करता है जो राहुल करते हैं। ये शख्स है भारत जोड़ो यात्रा के संयोजक दिग्विजय सिंह।

दिग्गी राजा की पत्नी अमृता ने कहा- राजा साहब केवल एक टाइम अन्न खाते हैं, सुबह फल लेते हैं, शाम को खाना नहीं खाते। यही वो डाइट प्लान है, जिससे वे फिट और ऊर्जा से लबरेज रहते हैं।

दिग्विजय सिंह व उनकी पत्नी अमृता सिंह ने 2018 में विधानसभा चुनाव से पहले पैदल नर्मदा परिक्रमा की थी। उस दौरान वे 3300 किलोमीटर चले थे। बताया जाता है कि वे मध्यप्रदेश की 230 में से 110 सीटों से होकर गुजरे थे। तब दिग्विजय ने उस यात्रा को नितांत आध्यात्मिक यात्रा बताया था। उन्होंने कहा था कि इसका राजनीति से लेना-देना नहीं है।

हालांकि इसका फायदा यह बताया जाता है कि 2018 के नवंबर में मध्यप्रदेश चुनाव के रिजल्ट कांग्रेस के पक्ष में आए और कमलनाथ मुख्यमंत्री बने। यह भी कहा जाता है कि दिग्विजय ने इस यात्रा के बहाने कांग्रेस संगठन की जमीनी नब्ज को जान लिया था। टिकट वितरण के दौरान इस बात का ध्यान रखा गया था, जिसका फायदा कांग्रेस को मिला था।

Back to top button