मध्य प्रदेश

एमपी में क्यों भगवामय हुई कांग्रेस, जानिए क्या है कांग्रेस का नया एजेंडा…

मप्र कांग्रेस मंदिर पुजारी प्रकोष्ठ युवा इकाई की धर्म रक्षा यात्रा के क्यों बढ़े चर्चे... मध्यप्रदेश में छह माह बाद होना है विधानसभा चुनाव, कांग्रेसियों ने की तैयारी शुरू...

इंदौर। मप्र कांग्रेस मंदिर पुजारी प्रकोष्ठ युवा इकाई की द्वारा धर्म रक्षा यात्रा निकालना राजनीतिक पंडितों में चर्चा का विषय है। बता दें कि मध्यप्रदेश कांग्रेस ने मंदिर पुजारी प्रकोष्ठ का गठन किया। अब चुनाव के लगभग 6 महीने पहले इस प्रकोष्ठ ने सक्रियता दिखाना शुरू कर दिया है। इंदौर में प्रकोष्ठ के बैनर तले खजराना गणेश मंदिर से बिजासन माता मंदिर तक धर्म रक्षा यात्रा निकाली गई । यात्रा में कार्यकर्ताओं से लेकर पूर्व मंत्री सज्जन वर्मा तक के गले में भगवा गमछा डला था। हाथों में भगवा ध्वज था। तेज आवाज में भगवान श्री राम के भजन डीजे पर बज रहे थे। जय सियाराम के नारे कांग्रेसी लगा रहे थे। यह बात और है कि इससे पहले कभी कांग्रेस खुलकर हिंदुत्व के रंग में रंगी नजर नहीं आई।

कर्नाटक चुनाव परिणाम ने कांग्रेस में भरा जोश

मध्यप्रदेश में छह माह बाद विधानसभा चुनाव होना है। चुनावी मैदान में भाजपा-कांग्रेस तेजी से मोर्चा संभालने में जुट गए हैं। कर्नाटक चुनाव परिणाम ने कांग्रेस में जोश भर दिया है। चुनावी तैयारियों में जुटी कांग्रेस ने भाजपा के कोर हिंदुत्व वाले एजेंडे पर भी पकड़ बनाना शुरू कर दिया है। पार्टी इसी मुद्दे के साथ चुनावी मैदान में उतर चुकी है।

हार्ड हिंदुत्व की छवि बनाने कांग्रेसी नेता कर रहे जतन

कांग्रेस के विधायक संजय शुक्ला ने कराई पं. प्रदीप मिश्रा की कथा : हार्ड हिंदुत्व की छवि बनाने के लिए कांग्रेसी नेता भी खूब जतन कर रहे हैं। इंदौर की विधानसभा क्रमांक-1 से कांग्रेस के संजय शुक्ला विधायक हैं। वे पं.प्रदीप मिश्रा की कथा कराने के साथ ही क्षेत्र के लोगों को हरिद्वार और अयोध्या की धार्मिक यात्रा करा रहे हैं।

विधायक विशाल पटेल की धार्मिक गतिविधियों में सक्रियता बढ़ी : देपालपुर सीट से कांग्रेस के विधायक विशाल पटेल क्षेत्र में पं.प्रदीप मिश्रा की कथा करा चुके हैं। क्षेत्र में मंदिर निर्माण में उन्होंने सहयोग किया साथ ही धार्मिक गतिविधियों में उनकी सक्रियता बनी रहती है।

कांग्रेस के दावेदार ने करवाई भजन संध्या : इंदौर की 5 नंबर विधानसभा से कांग्रेस के दावेदार सत्यनारायण पटेल अनूप जलोटा की भजन संध्या करवा चुके हैं। राम नवमी के अवसर पर प्रसिद्ध गायक और ‘मेरा भोला है भंडारीÓ भजन फेम हंसराज रघुवंशी का प्रोग्राम उन्होंने अभय प्रशाल में करवाया और अब 19 से 21 मई के बीच जया किशोरी के नानी बाई रो मायरो का आयोजन भी पटेल करवा रहे हैं।

कर्नाटक चुनाव के नतीजे आने के बाद किया था हनुमान चालीसा : हाल ही में भाजपा छोड़ कांग्रेस में आए देवास की हाटपिपल्या सीट से पूर्व विधायक और मंत्री दीपक जोशी कर्नाटक चुनाव के नतीजे आने के बाद कार्यकर्ताओं सहित देवास में हनुमान मंदिर में जाकर हनुमान चालीसा का पाठ करते दिखे।

सज्जन सिंह वर्मा भगवा गमछा डाले दिखे : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व मंत्री और विधायक सज्जन सिंह वर्मा धर्म रक्षा यात्रा में गले में भगवा गमछा डाले दिखे। अर्चना जायसवाल ने भी भगवा गमछा डाल रखा था। चुनावी साल में भगवा रंग कांग्रेसियों को खूब रास आ रहा है। इसके माध्यम से जनता से सीधे कनेक्ट होने की कोशिश में कांग्रेस जुटी हुई है।

Back to top button