मध्य प्रदेश

सागर में जब एक साथ उठीं पांच अर्थियां तो हर आंख हो गई नम, पुरव्याऊ क्षेत्र में पसरा मातम

बम्होरी डूंगर के पास हुए सड़क हादसे में मृत युवकों का गमगीन माहौल में किया अंतिम संस्कार

सागर। विगत दिवस चनाटौरिया टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार कार और ट्रक की भीषण भिड़ंत में 6 युवकों की मौत हो गई थी। मृतकों में 5 युवक पुरव्याऊ टौरी के रहने वाले हैं। वहीं एक मृतक मकरोनिया अंकुर कॉलोनी का रहने वाला है। सोमवार को बीएमसी में पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिवार वालों को सौंप दिए। परिवार वाले शव लेकर पुरव्याऊ टौरी पहुंचे। जहां शव पहुंचते ही क्षेत्र में भीड़ लग गई। एक साथ पहुंचे पांच शवों को देख क्षेत्र में मातम छा गया। हर किसी की आंख नम हो गई। पुरव्याऊ से मृतकों की अंतिम यात्रा निकाली गई। अंतिम यात्रा में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।

यात्रा के दौरान रास्ते में जिसने भी एक साथ पांच आर्थियां देखीं उसकी आंखें नम हो गईं। काकागंज मुक्तिधाम में मृतक मुकेश रैकवार, पंकज रैकवार, गणेश रैकवार, पवन रैकवार और बृजेश ठाकुर सभी निवासी पुरव्याऊ टौरी का अंतिम संस्कार किया गया। वहीं मृतक अर्पित जैन निवासी अंकुर कॉलोनी का अंतिम संस्कार मकरोनिया में हुआ। जानकारी के अनुसार पुरव्याऊ टौरी के सभी पांच मृतक आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के सदस्य हैं। वह मेहनत, मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण किया करते थे। घटना के बाद से परिवारों में मातम छाया हुआ है।

गौरतलब है कि रविवार शाम सागर के सानौधा थाना क्षेत्र में चनाटोरिया टोल नाके के आगे ग्राम बम्होरी डूंडर के पास तेज रफ्तार कार और ट्रक में आमने-सामने की भीषण भिडंत हुई थी। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए। वहीं ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में उतर गया। कार में सवार युवकों के शव गाड़ी में फंसे हुए थे। जिन्हें सब्बलों की मदद से गेट तोड़कर बाहर निकाला गया। हादसे में मुकेश रैकवार उम्र 28 साल, पंकज रैकवार उम्र 35 साल, गणेश रैकवार उम्र 42 साल, पवन रैकवार उम्र 30 साल और बृजेश ठाकुर उम्र 35 साल सभी निवासी पुरव्याऊ टौरी और अर्पित जैन उम्र 28 साल निवासी अंकुर कॉलोनी की मौत हो गई थी। वहीं घायल अमरदीप दुबे को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हादसे में बचे घायल अमरदीप दुबे का इलाज सागर के निजी अस्पताल में चल रहा है। अस्पताल में दुबे की हालत नाजुक बताई जा रही है। डॉक्टर लगातार निगरानी कर अमरदीप का इलाज कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि घायल अमरदीप दुबे अमरदीप ट्रेवल्स के मालिक अतुल दुबे का बेटा और कांग्रेस नेता रामजी दुबे का भतीजा है।

Back to top button