मध्य प्रदेश

हम राहुल गांधी की सेना, सावरकर की नहीं, जो गिरफ्तारी से डर जाएं : विक्रांत भूरिया

युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने पत्रकारवार्ता में भाजपा सरकार पर साधा निशाना

भोपाल। मप्र युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने सोमवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में केंद्र व राज्य की भाजपा सरकारों पर जमकर निशाना साधा। भूरिया ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा पुलिस पर दबाव बनाकर उससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं पर असंवैधानिक और गलत तरीके से कार्यवाही की जा रही है। देश और प्रदेश में जिस तरह भाजपा द्वारा अराजकता का माहौल बनाया जा रहा है, उससे प्रदेश का लोकतंत्र खतरे में हैं। उन्होंने कहा कि हम राहुल गांधी की सेना हैं, सावरकर की नहीं, जो भाजपा के दबाव में पुलिस की असंवैधानिक कार्यप्रणाली से डर जायें। इस दौरान मप्र कांग्रेस कमेटी मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा भी मौजूद थे।

भूरिया ने कहा कि भाजपा की एक ही नीति है, न नियम न कायदा, काम वही करती है, जिसमें हो भाजपा को फायदा। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार पुलिस द्वारा भाजपा के दबाव में मुझे झाबुआ से गिरफ्तार कर भोपाल 350 किलोमीटर लाया गया, तानाशाही और बदले की भावना के सिवाय कुछ नहीं है। जिस प्रकार भोपाल की पुलिस भेजकर मुझे गिरफ्तार किया, भाजपा सरकार का यह रवैया असंवैधानिक और गैर जिम्मेदाराना है। यदि यही काम भाजपा ने सच्चाई के साथ मेहुल चौकसे, नीरव मोदी जैसे भगोड़ों के लिए किया होता तो वे आज देश की करोड़ों-अरबों की संपत्ति को लेकर भाग नहीं पाते। सरकार लोकतंत्र का दमन कर सच्चाई बोलने वालों की आवाज को दबाने का काम कर रही है। वही कृत्य भाजपा के इशारे पर मेरे साथ कल पुलिस द्वारा किया गया। लेकिन हम डरे नहीं, हमने कहा कि हमें गिरफ्तार करो या जेल में डाल दो, हम डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जब मुझे गिरफ्तार किया गया तो पुलिस प्रशासन की लगातार बात होती रही कि मुझे कहां लेकर जाना है, और रास्ते भर पुलिस यह तय नहीं कर पायी कि कहां लेकर जाना हैं, पुलिस अंतत: भोपाल लेकर आयी। मुझसे पूछा गया कि आपको इस गिरफ्तारी के बचाव में क्या कोई वकील करना है, किसी से कोई बात करना है, घर पर बता कर आये हैं अथवा नहीं, लेकिन उन्होंने किसी भी कार्यवाही से साफ मना कर दिया और कहा कि मुझे तो आप जेल में डाल दें, मेरे परिवार को सब जानकारी है।

देश का लोकतंत्र खतरे में

भूरिया ने कहा कि आज देश का लोकतंत्र खतरे में है। जिस प्रकार हमारे नेता राहुला गांधी पर असंवैधानिक तरीके से कार्यवाही कर लोकसभा से सदस्यता समाप्त कर उनसे बोलने की आजादी को छीना गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और पूरी भाजपा देश के चंद बड़े अडानी-अंबानी जैसे पूंजीपतियों को देश की संपत्ति लुटाती जा रही है। यह देश के लिए बड़ा खतरा है।

 मजिस्ट्रेट ने पुलिस की कार्यप्रणाली को ठहराया गलत

भूरिया ने कहा कि पुलिस द्वारा की गई कार्यवाही और गिरफ्तारी को मजिस्ट्रेट ने पूरी तरह असंवैधानिक बताया और पुलिस की कार्यप्रणाली को गलत ठहराया। मुझे एवं मेरे साथियों को बिना किसी, मुचलके, जमानत पर छोड़ दिया गया, वे धन्यवाद के पात्र हैं। उन्होंने एक वीडिया मीडिया के साथियों को दिखाया जिसमें पुलिस द्वारा झूठ बोलते हुए कहा जा रहा है कि यह कार्यवाही न्यायालय के आदेश पर की गई है। जिन धाराओं के तहत मुझे गिरफ्तार किया गया था, पुलिस की इस अवैधानिक एवं गलत कार्यवाही के खिलाफ युवा कांग्रेस कोर्ट जायेगी और न्याय की गुहार लगायेगी।

प्रदेश की जेलों में सबसे ज्यादा आदिवासी

भूरिया ने कहा कि प्रदेश में 24 प्रतिशत आदिवासी हैं। चाहे नेमावर की घटना हो या प्रदेश में अलग अलग जिलों में आदिवासियों पर हो रही अन्य घटनाएं हों, भाजपा सरकार आदिवासियों पर लगातार प्रहार कर रही हैं। यही नहीं मप्र में सबसे ज्यादा आदिवासी जेल में हैं। भाजपा सरकार जहां एक ओर आदिवासियों को लुभाने और उन्हें समर्थन करने की बात कर रही है, वहीं दूसरी और आदिवासियों के ऊपर झूठे प्रकरण दर्ज कर उन्हें फंसाया जा रहा है। आदिवासी विरोधी भाजपा सरकार का दोहरा चरित्र देश और प्रदेश की जनता देख रही हैं। भाजपा अब कितने ही दावे कर ले जनता ने उसे सबक सिखाने का मन बना लिया है।

Back to top button