छत्तीसगढ़बिलासपुर

कुदुदंड में पार्षद समेत पंचायतों में 4 पंच और एक सरपंच के लिए वोटिंग कल, थमा प्रचार …

बिलासपुर । कोटा ब्लॉक के कलमीटार में सरपंच, लमकेना और सेमरिया में 1-1 पंच पद के लिए तो तखतपुर के पौड़ीकला और निरतु में एक – एक पंच पद के लिए 9 जनवरी को चुनाव होगा। पार्षद पद के लिए मतदान सुबह 8 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक होगा। वहीं पंचायतों में सुबह 7 बजे से लेकर दोपहर 3 बजे तक वोटिंग होगी। पंच व सरपंच के लिए मतदान के तुरंत बाद केंद्र पर ही मतों की गणना शुरू की जाएगी। पार्षद पद के मतों की गणना 12 जनवरी को बर्जेस मेमोरियल कन्या उमावि हिंदी मीडियम स्कूल में की जाएगी। इसके लिए स्ट्रांग रूम बनाया गया है। चुनाव और मतगणना को लेकर तैयारी पूरा होने का दावा जिला निर्वाचन कार्यालय ने किया है।

नगरीय निकाय व पंचायतों में उप चुनाव के लिए चल रहे सार्वजनिक प्रचार प्रसार पर शनिवार को विराम लग गया। 9 जनवरी को नगरपालिका निगम बिलासपुर के वार्ड क्रमांक 16 में पार्षद सहित ग्रामीण क्षेत्रों में पंच- सरपंच के कुल 5 पदों पर चुनाव होगा। इनमें पंच के 4 और सरपंच के केवल एक पद शामिल हैं। शहर और ग्रामीण इलाकों में होने वाले चुनाव मतपत्रों से होंगे।

प्रचार के अंतिम दिन कांग्रेसी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने कुदुदंड में कांग्रेस प्रत्याशी अनिता कश्यप के लिए जनसंपर्क किया। कांग्रेस की चुनावी रैली में महापौर रामशरण यादव, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय केशरवानी, विजय पांडे, महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सीमा पांडे, सीमा धृतेश, चुनाव संचालक राकेश शर्मा, जावेद मेमन, पूर्व महापौर राजेश पांडे, शेखर मुदलियार, रतन कश्यप आदि शामिल हुए। विधायक पांडे ने लोगों से कहा कि कुदुदंड का विकास हम करने जा रहे हैं।

यहां 18 करोड़ का नया पुल व मुख्य मार्ग का चौड़ीकरण का प्रस्ताव तैयार किया गया है। वही 50 करोड़ की लागत से कुदुदंड में अरपा में बराज बनाया जा रहा है। चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस पार्षद सीताराम जयसवाल, रिंकी शुक्ला, रामा बघेल, शहजादी कुरैशी ,शैलेंद्र जायसवाल, अर्जुन सिंह, शेख असलम, श्याम कश्यप के अलावा कांग्रेसी उम्मीदवार के पक्ष में कुदुदंड की महिलाएं सड़कों पर निकली।

विष्णु नगर वार्ड पार्षद पद के उपचुनाव के लिए शुक्रवार को चुनाव प्रचार के आखिरी दिन भाजपाइयों ने बाजे गाजे के साथ चुनावी रैली निकाली। भाजपा प्रत्याशी श्रद्धा जैन के पक्ष में निकली रैली मिलन चौक से शुरू होकर शिव चौक, माताचौरा, मिट्टी टीला होते हुए 27 खोली चौक पहुंची। विभिन्न मार्गों से होकर यह रैली सभा में बदल गई। इस मौके पर पार्टी नेताओं ने कहा कि पूर्व पार्षद निधि जैन ने वार्ड की निरंतर सेवा की। अब यह काम उनकी बेटी करना चाहती है, इसलिए जनता उन्हें अपना आशीर्वाद दे।

रैली में भाजपा जिलाध्यक्ष रामदेव कुमावत, पूर्व महापौर किशोर राय, उमाशंकर जायसवाल, चुनाव प्रभारी अमरजीत सिंह दुआ, नेता प्रतिपक्ष अशोक विधानी, विजय ताम्रकार,पश्चिम मण्डल अध्यक्ष अजीत सिंह भोगल,श्याम साहू, महिला मोर्चा से जयश्री चौकसे, विजय यादव, रोहित मिश्रा कमल जैन आदि मौजूद रहे।

Back to top button