छत्तीसगढ़बिलासपुर

तामझाम के साथ विजय पाण्डेय ने किया पदभार ग्रहण, कांग्रेसियों में दिखी एकजुटता…

बिलासपुर। नए शहर अध्यक्ष विजय पाण्डेय ने आज पूरे तामझाम के साथ कांग्रेस भवन में पदभार ग्रहण किया। उक्त समारोह में कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

नवनिर्वाचित कांग्रेस शहर अध्यक्ष विजय पांडे ने कांग्रेसियों को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी को मजबूत बनाने हम सब को एकजुट होकर काम करना होगा। मैं उन कार्यकर्ताओं का दिल से सम्मान करता हूं जिन्होंने घर-घर जाकर लोगों से वोट मांगा। उन्हीं की मेहनत की जिनकी वजह से आज कांग्रेस पूर्ण बहुमत से सत्ता में आई है। चाहे वो विधानसभा की बात हो या नगर निगम चुनाव की। उन्होंने कहा कि जो जिसको नेता मानता है माने मुझे कोई आपत्ति नहीं पर जब कांग्रेस की बारी आए तो वो कांग्रेस के साथ खड़ा हो। आने वाले समय में विधानसभा लोकसभा के साथ ही नगर निगम के चुनाव है जो एक महती ज़िम्मेदारी है।

साथ ही विजय पांडे ने कहा जब तक कांग्रेस पार्टी सत्ता में नहीं थी और विपक्ष की भूमिका निभा रही थी तब तक ठीक था, पर सत्ता में रहते अगर हार का सामना करना पड़े तो यह एक बड़ी लानत होगी। इसलिए हमें एकजुट होकर काम करने की जरूरत है। उन्होंने कहा आप अपना नेता किसी को भी चुन सकते हैं, मुझे इससे कोई दिक्कत नहीं है पर कांग्रेस पार्टी को भारी बहुमत से विजय बनना हम सब का दायित्व है। इस अवसर पर विधायक शैलेश पांडे, तखतपुर विधायक रश्मि सिंह ठाकुर, पर्यटन अध्यक्ष अटल श्रीवास्तव, सहकारी बैंक अध्यक्ष, प्रमोद नायक, महापौर रामशरण यादव, सभापति शेख नजरूद्दीन, नगर निगम पार्षद, एल्डरमैन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Back to top button