छत्तीसगढ़रायपुर

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. महंत ने कृषि यंत्रों की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों को लोक पर्व हरेली की बधाई और शुभकामनाएं दी …

रायपुर। हरेली पर्व के अवसर पर छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत अपने परिवार के सदस्यों के साथ जांजगीर-चांपा जिले में अपने सारागांव स्थित निवास में कृषि यंत्रों की पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर डॉ. महंत ने प्रदेशवासियों को साल के पहले त्यौहार की बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने पूजा-अर्चना कर पर्व से जुड़ी परंपराओं का निर्वहन किया। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह विवेक सिसोदिया, देवेश सिंह, राजेश अग्रवाल, मदनलाल अग्रवाल, किशन सोनी सहित पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित थे।

खेती-किसानी से जुड़ा हरेली पर्व आज जांजगीर-चांपा जिले में धूमधाम और खुशनुमा माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर सुराजी गांव योजना के अंतर्गत निर्मित गौठानों में कृषि यंत्रों और गोधन की पूजा अर्चना की गई। पारंपरिक खेल-कूद एवं व्यंजन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

हरेली पर्व के पावन अवसर पर गौठानों में पारंपरिक खेल जैसे गेड़ी दौड़, कुर्सी दौड़, फुगड़ी, रस्सा-कस्सी, भौंरा प्रतियोगिता, नारियल फेक प्रतियोगिता छत्तीसगढ़ी पारंपरिक व्यंजन आदि की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसके साथ ही गौठान प्रबंधन समिति, स्व-सहायता समूह एवं जनप्रतिनिधियों से गौठानों की गतिविधियों के संबंध में चर्चा-परिचर्चा का आयोजन हुआ। गौठानों में महिला स्व-सहायता समूह द्वारा निर्मित होने वाले वर्मी कंपोस्ट की सुरक्षा एवं रखरखाव का प्रबंधन तथा स्थानीय स्तर पर किसानों को वर्मी कंपोस्ट खाद का उपयोग करने के लिए प्रेरित करने प्रेरित किया गया।

गौठानों में फलदार, छायादार पौधों का रोपण किया गया और चारागाह विकास के लिए सकारात्मक चर्चा की गयी। स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए योगाभ्यास का प्रदर्शन किया गया। पशुओं के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए विशेष पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। आवश्यकता अनुसाार पशुपालकों को मवेशियों के लिए निःशुल्क दवाईयां दी गयीं।

गौठानों में आयोजित हरेली पर्व के दौरान त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधि, गौठान समिति के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। बलौदा विकासखण्ड के ग्राम औराईकला के आदर्श गौठान में पूर्व विधायक चुन्नीलाल साहू, सरपंच दशरथ यादव, जनपद सदस्य श्रीमती बबीता साहू, गोठान समिति के अध्यक्ष गणेश पटेल, कृषि मित्र मोहर साय बरेठ ने कृषि यंत्रों और गोधन की पूजा अर्चना की।

Back to top button